नई दिल्ली, 5 मार्च, 2026
सलामी बल्लेबाज फिन एलन के तूफानी अविजित शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने सभी कयासों को गलत साबित कर अजेय दक्षिण अफ्रीका को कोलकाता में बुधवार रात आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में ईडन गार्डंस पर नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज कप्तान एडन मरक्रम और डेविड मिलर छूटे एक-एक कैच का लाभ नहीं उठा सके।
इससे पहले ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कॉल मैकॉनी (2/9) ने अपने पहले और पारी के दूसरे ओवर में पहले क्विंटन डी कॉक (10 रन, 7 गेंद, एक छक्का, एक चौका) को शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड ऑन पर फर्गुसन को कैच थमाया और दक्षिण अफ्रीका ने पहला विकेट 12 रन पर खोया। रियान रिकल्टन ने उनकी अगली ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में शॉर्ट थर्डमैन पर फिन एलन को कैच थमा दिया।
कप्तान एडन मरक्रम (18 रन, 20 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने पारी के आठवें और बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र के पहले ओवर की चौथी गेंद को उड़ाने की कोशिश में बाउंड्री पर डैरल मिचेल को कैच थमा बैठे और दक्षिण अफ्रीका ने तीसरा विकेट 55 रन पर खो दिया। रवींद्र ने अपने अगले और पारी के दसवें ओवर में डेविड मिलर (6 रन, 6 गेंद) को उड़ाने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर मिचेल को कैच थमा दिया और दक्षिण अफ्रीका ने चौथा विकेट 77 रन पर खो दिया।
डेवाल्ड ब्रेविज (34 रन, 27 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) अगले ओवर में इसी स्कोर पर तेज गेंदबाज जिमी नीशम की गेंद को उड़ाने के फेर में कवर में कप्तान मिचेल सेंटनर को कैच थमा बैठे। ट्रिस्टन स्टब्ज (29 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) और मार्को येनसन (अविजित 55 रन, 27 गेंद, 5 छक्के व दो चौके) ने जवाबी हमला बोलकर स्कोर को 19वें ओवर में 150 रन तक पहुंचाया।
तेज गेंदबाज लॉकी फर्गुसन की लेग कटर को खेलने से चूकने के कारण स्टब्ज बोल्ड हो गए। तेज गेंदबाज मैट हेनरी (2/34) ने पारी के आखिरी ओवर की तीसरी यॉर्कर पर कार्बिन बॉश (2 रन, 3 गेंद) को खेलने से चूका दिया और वह बोल्ड हो गए। दक्षिण अफ्रीका ने सातवां विकेट 166 रन पर खोया और कसिगो रबाड़ा (0 रन, 1 गेंद) उनकी अगली गेंद को उड़ाने के फेर में लॉन्ग ऑन पर नीशम को कैच थमा बैठे।
न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कॉल मैकॉनी, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रचिन रवींद्र तथा मैट हेनरी ने अपने-अपने एक-एक ओवर में दो-दो विकेट चटका कर कप्तान एडन मरक्रम और डेवाल्ड ब्रेविज की तीसरे विकेट की 43 रन तथा मार्को येनसन और ट्रिस्टन स्टब्ज की छठे विकेट की 73 रन की भागीदारी के बावजूद दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन पर रोक दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैन ऑफ द मैच सलामी बल्लेबाज फिन एलन (अविजित 100 रन, 33 गेंद, आठ छक्के व दस चौके) और टिम सिरफिट (58 रन) ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 117 रन की तेज साझेदारी कर मैच लगभग न्यूजीलैंड की झोली में डाल दिया।
फिन एलन ने 19 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया और मात्र 33 गेंदों में 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप के इतिहास में क्रिस गेल के इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में मात्र 47 गेंदों में बनाए गए सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। न्यूजीलैंड ने शुरू के पांच ओवर में जो 62 रन बनाए उनमें से सिरफिट ने 41 रन बनाए।
पहले पावरप्ले के छठे और आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका के बॉश के ओवर में 6, 4, 4, 4, 4 सहित 22 रन लिए। न्यूजीलैंड ने शुरू के छह ओवर के पहले पावरप्ले में बिना विकेट खोए 84 रन बनाए, जो मौजूदा संस्करण में पावरप्ले में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
रबाड़ा ने जब सिरफिट को आउट किया तो दक्षिण अफ्रीका ने कुछ राहत महसूस की। सिरफिट (58) तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा की अंदर आती गेंद को उड़ाने की कोशिश में बोल्ड हो गए और न्यूजीलैंड ने पहला विकेट 117 रन पर खो दिया।
इसके बाद रचिन रवींद्र (अविजित 13 रन, 11 गेंद, दो चौके) ने एलन का अच्छा साथ निभाया और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को मात्र 12.1 ओवर में एक विकेट पर 173 रन बनाकर शानदार जीत दिला दी।
हम सेमीफाइनल में बढ़िया खेले: सेंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सेमीफाइनल जैसे अहम मैच में प्रदर्शन वाकई बहुत सुखद है। हम पूरे सेमीफाइनल में बढ़िया खेले। पिछले मैच में मिली हार से हमने बहुत सीखा। हमने बुधवार रात पूरे सेमीफाइनल में दबाव बनाए रखने की कोशिश की। जब आप बराबर विकेट चटकाते हैं तो फिर चुनौती होती है बढ़िया बल्लेबाजी करना। जहां तक मैकॉन्की को पावरप्ले में इस्तेमाल करने की बात है, हमारी शुरू के दो ओवरों के लिए एक योजना थी। इसके बाद ब्रेविस बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले थे, जिन्हें स्पिनरों को खेलना पसंद है। ब्रेविस के खिलाफ हमने गेंद को बाहर की ओर स्पिन करना बेहतर समझा। हमारे लिए फिन एलन और टिम सिफर्ट ने खास पारियां खेलीं और इनका हमने बहुत लुत्फ उठाया। हम पावरप्ले में विकेट खो देते तो हमारे सामने चुनौती पेश हो सकती थी। फिन और सिफर्ट ने जमकर दे दनादन किया। फिन का मात्र 33 गेंदों पर अविजित शतक वाकई बेहतरीन था। सेमीफाइनल में हम वाकई अच्छा खेले। बेशक, यह अलग-अलग तरह की पिच थी। हमारा प्रदर्शन वाकई खासा बढ़िया रहा। मुझे नहीं मालूम कि यह सेमीफाइनल परफेक्ट मैच था या नहीं। सच तो यह है कि इससे पहले हम कुछ समय के लिए अच्छा खेले थे।’
अब हमारा ध्यान फाइनल पर है: फिन एलन
मैन ऑफ द मैच फिन एलन ने कहा, ‘मैंने बस बढ़िया पोजीशन में आकर टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश की। जहां तक मेरी सिफर्ट के साथ पहले विकेट की भागीदारी की बात है तो हम बढ़िया आगाज कर दक्षिण अफ्रीका को शुरू में ही बैकफुट पर धकेलना चाहते थे। सिफर्ट ने जब पारी के शुरू में तेज आगाज किया तो मेरे लिए आसानी हो गई। मैंने पारी के शुरू में सिफर्ट को ही स्ट्राइक देने की कोशिश की। उन्होंने तेज आगाज किया। हमारे लिए यह सेमीफाइनल वाकई बहुत बड़ा मैच था। मैंने व सिफर्ट ने सीधा और तेज खेलने की कोशिश की। बतौर बल्लेबाज जरूरत खुद को पिच के मुताबिक तेज बल्लेबाजी करने की होती है। हम जानते थे कि ईडन गार्डंस की पिच काली मिट्टी की है। अब हमारा ध्यान फाइनल पर है।’
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की: मरक्रम
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मरक्रम ने कहा, ‘पिच के मिजाज को देखें तो न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने पारी के शुरू में बेहतरीन गेंदबाजी की। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इकाई की प्रशंसा की जानी चाहिए। बेशक जब कोई भी फिन एलन जैसी पारी खेलता है तो आपके हिस्से जीत कम ही आती है। 170 रन के करीब तक पहुंचना हमारे बल्लेबाजों का वाकई अच्छा प्रयास था। न्यूजीलैंड के एलन और सिफर्ट की सलामी जोड़ी की तूफानी पारियों ने सेमीफाइनल को एकतरफा बना दिया। हमें ईडन गार्डंस की पिच के बढ़िया खेलने की उम्मीद थी और यह देखने में बढ़िया दिख रही थी। हम 190 रन तक पहुंच जाते तो मैच में बने रह सकते थे। हम नतीजे से निराश हैं लेकिन मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। हमें आगे बतौर टीम और मजबूत होकर वापसी करनी होगी।’


