रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के कॉम्बैट व्हीकल्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (CVRDE), आवडी, चेन्नई ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए पेड इंटर्नशिप प्रोग्राम की घोषणा की है। यह इंटर्नशिप इंजीनियरिंग के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए शुरू की गई है, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को आर्मर्ड फाइटिंग व्हीकल और उससे जुड़े आधुनिक रक्षा सिस्टम की डिजाइन और विकास प्रक्रिया पर काम करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक छात्र 18 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
डीआरडीओ के इस छह महीने के इंटर्नशिप प्रोग्राम के दौरान छात्रों को वेपन सिस्टम, पावरपैक टेक्नोलॉजी, रनिंग गियर, व्हीकल इलेक्ट्रिकल्स तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को रक्षा अनुसंधान और अत्याधुनिक सैन्य तकनीकों का वास्तविक अनुभव प्रदान करना है।
इस इंटर्नशिप के लिए बीई या बीटेक के सातवें और आठवें सेमेस्टर के छात्र तथा एमई या एमटेक के प्रथम और द्वितीय वर्ष के नियमित छात्र आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में फुल टाइम कोर्स कर रहे हों। चयन के लिए मजबूत शैक्षणिक रिकॉर्ड अनिवार्य है। आवेदक के पास 10 अंकों के पैमाने पर कम से कम 8.5 सीजीपीए या 85 प्रतिशत अंक होने चाहिए और पिछले सभी सेमेस्टर में भी यही न्यूनतम प्रदर्शन बनाए रखना होगा। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 तक उम्मीदवार की आयु 28 वर्ष से कम होनी चाहिए।
डीआरडीओ ने स्पष्ट किया है कि चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्रों को ईमेल के माध्यम से इंटर्नशिप और जॉइनिंग से जुड़ी जानकारी भेजी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को प्रत्येक माह कम से कम 20 कार्य दिवस CVRDE में उपस्थित रहना होगा। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने पर उन्हें आधिकारिक प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इस पेड इंटर्नशिप के तहत चयनित छात्रों को छह महीने की अवधि के लिए 5,000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 30,000 रुपये मानदेय मिलेगा। यह राशि दो चरणों में सीधे छात्रों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट से निर्धारित आवेदन प्रारूप डाउनलोड करना होगा। आवेदन पत्र भरने के बाद उसे स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट या कूरियर के माध्यम से CVRDE, आवडी, चेन्नई भेजना होगा। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, कॉलेज के प्राचार्य या निदेशक का अनुरोध पत्र या एनओसी, अंडरटेकिंग फॉर्म, सभी सेमेस्टर की मार्कशीट, बोनाफाइड और कैरेक्टर सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, कॉलेज आईडी तथा 300 शब्दों तक का बायोडाटा संलग्न करना अनिवार्य है। यदि उम्मीदवार के पास कोई पुरस्कार, प्रकाशन, पेटेंट या अन्य उपलब्धियां हैं तो उनके प्रमाण भी आवेदन के साथ भेजे जा सकते हैं।
डीआरडीओ के इस इंटर्नशिप प्रोग्राम में आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक इंजीनियरिंग छात्रों के लिए यह व्यावहारिक अनुभव और अनुसंधान से जुड़ने का बेहतरीन अवसर माना जा रहा है।


