Trending News

 किश्तवाड़ से भारतीय सेना ने किया आतंक के नेटवर्क का खात्मा, मार गिराए 7 आतंकी, जैश का कमांडर सैफुल्लाह भी मारा गया, 326 दिन चला ऑपरेशन         भारत टैक्सी के ड्राइवरों से मिले गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कहा- आपको ड्राइवर नहीं, मालिक बनना है, मात्र 500 रुपए में भारत टैक्सी से जुड़ सकते हैं, 3 साल बाद मुनाफे में भी मिलेगा हिस्सा         यूपी में 'स्मार्ट' होंगी कृषि सहकारी समितियां, UP सरकार 1500 M-PACS को कर रही हाईटेक, किसानों को गांव में ही मिलेंगी 24x7 बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं          NAFED की समीक्षा बैठक में शामिल हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, MSP पर तुरंत और पारदर्शी खरीद के निर्देश, किसानों को बिचौलियों से बचाकर सीधे सरकारी खरीद सिस्टम से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता         जनवरी में बेरोजगारी दर बढ़कर 5 प्रतिशत पहुंची, दिसंबर 2025 में 4.8% थी बेरोजगारी दर, ग्रामीण बेरोजगारी दर 3.9% से बढ़कर 4.2% और शहरी क्षेत्रों 6.7% से बढ़कर 7% हुई, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जारी किए आंकड़े       

भारत टैक्सी सारथियों का शोषण नहीं, उनकी क्षमता का दोहन करेगीः अमित शाह

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में भारत टैक्सी के सारथियों के साथ किया संवाद। कहा- ‘भारत टैक्सी’ का उद्देश्य ‘सारथी’ को कंपनी के मुनाफे का मालिक बनाना है। भारत टैक्सी सिर्फ एक Taxi योजना नहीं, चालक भाइयों-बहनों को सम्मान से ‘सारथी’ बनाने की पहल है। ‘सारथी’ शब्द अब सम्मान, स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा।

Published: 16:09pm, 23 Feb 2026

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में भारत टैक्सी के सारथियों के साथ संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि जो श्रम कर रहा है, उसे ही मुनाफा मिलना चाहिए।  हमारा उद्देश्य टैक्सी के मालिक को धनी बनाना है और सारथी ही मालिक हैं। भारत टैक्सी सारथियों की क्षमता का दोहन करेगी न कि उनका शोषण करेगी। सहकारिता मंत्री ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में देश के प्रत्येक म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में ‘भारत टैक्सी’ होगी।

अमित शाह ने बताया कि भारत टैक्सी को देश की पांच बड़ी कोऑपरेटिव्स ने मिलाकर खड़ा किया है। जैसे-जैसे सारथियों की संख्या बढ़ती जाएगी और जो भी सारथी इसमें पार्टनर बनना चाहेगा उसे 500 रुपये के शेयर लेने पर मालिकाना हक मिल जाएगा। जब भारत टैक्सी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का चुनाव होगा, तब इसमें कुछ स्थान सारथियों के लिए भी आरक्षित रखे जाएंगे। जब सारथी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में आ जाएंगे तब वे स्वयं अन्य सारथियों के सभी हितों की रक्षा और चिंता करेंगे।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य किसी निजी कंपनी की तरह बड़ा मुनाफा कमाना नहीं है। भारत टैक्सी का उद्देश्य हमारे सारथी भाइयों को मजबूत करना है। भारत टैक्सी के शेयर सारथियों के पास हैं और मालिक भी सारथी ही हैं, इसीलिए भारत टैक्सी की नीतियां भी सारथी ही बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सारथियों की अपनी कंपनी है और इसमें सहकार करना ही हमारा सिद्धांत होना चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी की कुल कमाई में से बीस प्रतिशत भारत टैक्सी के अकाउंट में सारथियों की पूंजी के रूप में जमा हो जाएगा और अस्सी प्रतिशत पैसा टैक्सी कितने किलोमीटर चली है, उसके अनुसार वापस सारथियों के खाते में जाएगा। शाह ने कहा कि शुरुआती 3 साल भारत टैक्सी के विस्तार में जाएंगे और उसके बाद जितना भी मुनाफा होगा, उसका बीस प्रतिशत भारत टैक्सी में रहेगा और अस्सी प्रतिशत सारथी भाइयों को वापस दे दिया जाएगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी की शुरूआत एक बड़ा कोऑपरेटिव आंदोलन है। इसके तहत भारत टैक्सी सारथियों की टैक्सी को मॉर्गेज (Mortgage) करेगी और भारत टैक्सी ही उन्हें कोऑपरेटिव बैंक के माध्यम से कर्ज दिलाएगी। अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी में कुछ भी छिपा नहीं होगा। सारथियों को हर जानकारी नोटिफिकेशन के माध्यम से उपलब्ध कराकर ‘भारत टैक्सी’ दुनिया की सबसे पारदर्शी कैब सर्विस बनेगी। भरत टैक्सी में ऑटो के मूल्य, पेट्रोल की खपत और मिनिमम मुनाफे को मिलाकर एक बेस रेट होगा और इससे नीचे यह ऑपरेट नहीं करेगी। भारत टैक्सी का लक्ष्य मुनाफा कमाना नहीं है क्योंकि सारथी ही इस कोऑपरेटिव का मालिक है।

अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी में सारथी दीदी की कल्पना की गई है। ‘सारथी दीदी’ की सुविधा, महिला सारथियों को स्वावलंबी बनाएगी और महिला यात्रियों व सारथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। आने वाले दिनों में भारत टैक्सी ऐप में सारथी दीदी के नाम से प्रावधान किए जाएंगे कि जब भी अकेली महिला यात्री होगी, तो वह स्वाभाविक रूप से सारथी दीदी को प्राथमिकता देगी।

अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी की वेबसाइट पर सारथियों की तकलीफों के लिए एक विंडो खोली जाएगी जिस पर मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर वे अपनी सारी समस्याएं बता सकेंगे और उनके आधार पर हम नीति को संशोधित कर सकेंगे। जिस प्रकार भारत टैक्सी सारथियों की समस्याओं का निवारण करेगी, उसी प्रकार बाकी टैक्सी कंपनियों को भी यह करना पड़ेगा। भारत टैक्सी का लक्ष्य ग्राहक को खुश करने के साथ-साथ सारथी का भी कल्याण करना होना चाहिए।

YuvaSahakar Team