मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का अवसर है। सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) ने मेडिकल ऑफिसर के 120 पदों पर भर्ती निकाली है। चयनित डॉक्टरों को भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना में सेवा देने का मौका मिलेगा। इस भर्ती में पुरुष और महिला, दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कुल पदों में से 90 पुरुषों और 30 महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट join.afms.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन 7 नवंबर 2026 को जारी होने की जानकारी दी गई है।
एमबीबीएस डिग्री होना जरूरी
मेडिकल ऑफिसर भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेज या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा राज्य मेडिकल काउंसिल या राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) में स्थायी पंजीकरण अनिवार्य है। पीजी डिप्लोमा, एमडी, एमएस या डीएनबी की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
कितनी होनी चाहिए आयु सीमा?
एमबीबीएस और पीजी डिप्लोमा धारकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। इन उम्मीदवारों का जन्म 2 जनवरी 1997 या उसके बाद होना चाहिए। वहीं, एमडी और एमएस डिग्री धारकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है। इनका जन्म 2 जनवरी 1992 या उसके बाद होना चाहिए। आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क 200 रुपये
इस भर्ती में सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को 200 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए।
इंटरव्यू से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों की जांच के बाद किया जाएगा। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू दिसंबर 2026 में होने की संभावना है। इसमें सफल उम्मीदवारों को मेडिकल और शारीरिक फिटनेस जांच से गुजरना होगा। सभी चरण पूरे होने के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट join.afms.gov.in पर जाकर मेडिकल ऑफिसर (एसएससी) भर्ती 2026 का लिंक खोलना होगा। पंजीकरण के बाद लॉगिन करके व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य विवरण भरने होंगे। इसके बाद एमबीबीएस डिग्री, मेडिकल पंजीकरण प्रमाणपत्र, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। निर्धारित 200 रुपये शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में आवेदन का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।


