उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने जूनियर इंजीनियर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से इस भर्ती के तहत कुल 1156 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 3 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
PET-2025 का स्कोरकार्ड होना जरूरी
यूपीएसएसएससी जूनियर इंजीनियर भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 का स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थियों का कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। उम्मीदवारों के पास संबंधित इंजीनियरिंग विषय में डिप्लोमा और भर्ती अधिसूचना में निर्धारित अन्य आवश्यक योग्यताएं भी होनी चाहिए।
21 से 40 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
जूनियर इंजीनियर के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
इस भर्ती की लिखित परीक्षा में उम्मीदवारों से इंजीनियरिंग और सामान्य ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में मशीनों का सिद्धांत एवं मशीन डिजाइन, इंजीनियरिंग मैकेनिक्स, थर्मोडायनामिक्स, इंटरनल कंबशन इंजन, स्टीम इंजीनियरिंग एवं पावर प्लांट इंजीनियरिंग, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कम्प्रेशन जैसे विषयों से प्रश्न शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी भी पूछी जाएगी।
लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए उम्मीदवारों को 120 मिनट यानी दो घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
सभी वर्गों के लिए 25 रुपये आवेदन शुल्क
यूपीएसएसएससी जूनियर इंजीनियर भर्ती के लिए सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को 25 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और सभी जरूरी दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच करने के बाद ही फॉर्म भरें।


