सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (SCI) में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने कोर्ट असिस्टेंट के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 3 नवंबर 2026 से ऑनलाइन माध्यम में आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 15 पदों को भरा जाएगा। उम्मीदवार निर्धारित पात्रता और शर्तों को पूरा करने के बाद आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
हर महीने मिलेगी इतनी सैलरी
सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट असिस्टेंट के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा। भर्ती के तहत अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये तक वेतनमान मिलेगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी दिया जा सकता है।
आवेदन के लिए शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
कोर्ट असिस्टेंट के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवारों को भर्ती अधिसूचना में निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिल सकती है।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन
इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को टेक्निकल एप्टीट्यूड टेस्ट, प्रैक्टिकल एप्टीट्यूड टेस्ट और इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
लिखित परीक्षा में अंग्रेजी, जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट और रीजनिंग से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसके लिए उम्मीदवारों को 1 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए अभ्यर्थियों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
24 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
सुप्रीम कोर्ट की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 24 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।


