सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने प्रोबेशनरी इंजीनियर के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के कुल 350 पदों को भरा जाएगा। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
350 पदों पर होगी भर्ती
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की इस भर्ती के माध्यम से प्रोबेशनरी इंजीनियर के कुल 350 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रोबेशनरी इंजीनियर (Electronics) के 200 पद और प्रोबेशनरी इंजीनियर (Mechanical) के 150 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती परमानेंट बेसिस पर की जाएगी। इंजीनियरिंग की संबंधित शाखाओं में डिग्री प्राप्त करने वाले उम्मीदवार निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करने पर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
बीईएल प्रोबेशनरी इंजीनियर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई, बीटेक अथवा बीएससी इंजीनियरिंग की डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा उम्मीदवार की अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 1,180 रुपये जमा करने होंगे। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और ईएसएम श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। अभ्यर्थियों को शुल्क जमा करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए निर्देशों की जांच कर लेनी चाहिए।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
बीईएल प्रोबेशनरी इंजीनियर भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होम पेज पर करियर सेक्शन में जाकर संबंधित जॉब नोटिफिकेशन खोलना होगा। इसके बाद भर्ती से जुड़े आवेदन लिंक पर क्लिक करके न्यू रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पंजीकरण के बाद लॉग इन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। आवश्यक विवरण भरने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर देना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म की कॉपी अपने पास सुरक्षित रखनी चाहिए।
18 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
बीईएल प्रोबेशनरी इंजीनियर भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता शर्तों और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों के लिए उम्मीदवार भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट bel-india.in पर विजिट कर सकते हैं।


