इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए इंटरमीडिएट सितंबर 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही संस्थान ने टॉपर्स की सूची भी जारी की है। इस बार मुंबई के नील राजेश शाह और नाशिक की चंदक साक्षी ने संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। दोनों उम्मीदवारों ने 600 में से 502 अंक प्राप्त किए हैं। उनका कुल स्कोर 83.67 प्रतिशत रहा। अभ्यर्थी अपना परिणाम आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट icai.org पर देख सकते हैं।
श्रुति वी ने हासिल की दूसरी रैंक
सीए इंटरमीडिएट सितंबर 2026 की टॉपर सूची में चेन्नई की श्रुति वी ने 492 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की है। वहीं, सूरत के प्रेम अग्रवाल 490 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक 3 पर रहे। इस बार टॉप तीन रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
सीए इंटरमीडिएट परीक्षा को चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। इसमें सफलता हासिल करने के लिए उम्मीदवारों को विभिन्न विषयों की गहरी समझ और नियमित अभ्यास की जरूरत होती है।
ग्रुप के अनुसार ऐसा रहा रिजल्ट
आईसीएआई के जारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रुप 1 की परीक्षा में कुल 1,00,301 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 23,210 उम्मीदवार सफल रहे। इस ग्रुप का पास प्रतिशत 23.14 रहा।
ग्रुप 2 में 68,400 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, जिनमें से 12,938 अभ्यर्थी पास हुए। इसका पास प्रतिशत 18.92 रहा। वहीं, दोनों ग्रुप की परीक्षा में शामिल 38,339 उम्मीदवारों में से 5,066 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। दोनों ग्रुप का संयुक्त पास प्रतिशत 13.21 रहा।


