ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लखनऊ के एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के अगले प्रमुख होंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वह 29वें एयर चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उनकी नियुक्ति 31 अक्टूबर से प्रभावी होगी। फिलहाल वह भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ के पद पर कार्यरत हैं।
करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में एयर मार्शल दीक्षित ने ऑपरेशनल, प्रशिक्षण और रणनीतिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्हें अनुभवी फाइटर पायलट और रणनीतिक योजनाकार के रूप में जाना जाता है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में फ्रंटलाइन फाइटर एयर बेस और दक्षिणी सेक्टर में फाइटर ट्रेनिंग बेस की कमान संभाली है।
उन्होंने डिप्टी चीफ ऑफ द एयर स्टाफ और सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसे अहम पदों पर भी काम किया है। उनके पास 20 से अधिक प्रकार के विमानों को उड़ाने का अनुभव है और वह 3,500 घंटे से अधिक की उड़ान पूरी कर चुके हैं।
एयर मार्शल दीक्षित ने मिराज-2000, मिग, जगुआर, तेजस, हॉक, आईएल-78, एएन-32, किरण, एचपीटी-32 और एवरो सहित कई विमानों पर उड़ान भरी है।
उनकी विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल और वायुसेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। वायुसेना प्रमुख के रूप में उनके सामने परिचालन तैयारियों, स्वदेशी लड़ाकू विमानों के विस्तार और भविष्य की वायु युद्ध क्षमताओं को मजबूत करने जैसी अहम जिम्मेदारियां होंगी।


