रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अप्रेंटिस के 195 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत ग्रेजुएट, डिप्लोमा और ITI पास उम्मीदवारों को आवेदन का मौका दिया गया है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी DRDO की आधिकारिक वेबसाइट drdo.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
DRDO की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत कुल 195 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें 50 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस, 30 पद टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस और 115 पद ट्रेड अप्रेंटिस के हैं।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए और उनके कम से कम 70 प्रतिशत अंक या 7.5 CGPA होना जरूरी है। उम्मीदवारों ने अपनी संबंधित योग्यता वर्ष 2022, 2023, 2024, 2025 या 2026 में पूरी की होनी चाहिए। यह शर्त ग्रेजुएट, डिप्लोमा और ITI तीनों श्रेणियों के उम्मीदवारों पर लागू होगी। वहीं, अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 1 सितंबर 2026 को 18 वर्ष होनी चाहिए।
उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और एकेडेमिक परफॉर्मेंस के आधार पर किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इंटरव्यू भी आयोजित किया जा सकता है। अंतिम चयन सभी जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म में दर्ज ईमेल आईडी के माध्यम से सूचना दी जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करते समय अपना सही और सक्रिय ईमेल एड्रेस दर्ज करें।
चयनित उम्मीदवारों को जॉइनिंग के समय पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट भी जमा करना होगा। यह प्रमाणपत्र उम्मीदवार अपने स्थायी पते या उस स्थान से प्राप्त कर सकते हैं, जहां वे कम से कम एक वर्ष से रह रहे हों। रक्षा क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम एक अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।


