किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने ‘भारती AI’ वॉयस आधारित कृषि सहायक की सुविधा शुरू की है। यह सेवा सरकार के भारत-विस्तार (Bharat-VISTAAR) प्लेटफॉर्म के तहत उपलब्ध कराई जा रही है। किसान सामान्य मोबाइल फोन से 155261 नंबर डायल कर कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
भारत-विस्तार (Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources) का शुभारंभ 17 फरवरी 2026 को जयपुर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। यह AI आधारित और वॉयस-फर्स्ट प्लेटफॉर्म किसानों को फसल प्रबंधन, मौसम, मंडी भाव, कीट एवं रोग, मिट्टी की सेहत और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
‘भारती AI’ की खासियत यह है कि इसका लाभ उठाने के लिए किसान के पास स्मार्टफोन या इंटरनेट कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। बेसिक मोबाइल फोन से केवल निर्धारित नंबर पर कॉल करके किसान खेती से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं और आवश्यक सलाह प्राप्त कर सकते हैं। शुरुआत में यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराई गई है। आने वाले समय में इसे अन्य भारतीय भाषाओं में भी विस्तार देने की योजना है।
सरकार के अनुसार, वॉयस आधारित यह AI सेवा किसानों तक कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी आसानी से पहुंचाने और तकनीक के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


