भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने स्प्रिंग सेमेस्टर 2026-27 के लिए पीएचडी एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिसर्च और अकादमिक क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवार इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार IIT रुड़की की आधिकारिक एडमिशन वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नए सेमेस्टर की कक्षाएं 11 जनवरी 2027 से शुरू होंगी।
IIT रुड़की की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पीएचडी कार्यक्रम में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को संस्थान की कॉमन मिनिमम एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया (CMEC) के साथ संबंधित विभाग, सेंटर या स्कूल की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता भी पूरी करनी होगी।
मास्टर डिग्री वाले सामान्य, GEN-EWS और OBC वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 10 प्वाइंट स्केल पर न्यूनतम 6.0 CGPA या 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं SC, ST और PwD वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 5.50 CGPA या 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों के पास GATE, CEED, JEST, UGC-NET, CSIR-NET या इसके समकक्ष राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में निर्धारित योग्यता होनी चाहिए अथवा राष्ट्रीय स्तर की फेलोशिप होनी चाहिए।
मंत्रालय शिक्षा द्वारा वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों से BTech डिग्री या 8.0 या उससे अधिक CGPA वाले MSc उम्मीदवारों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा जैसे GATE या NET की अनिवार्यता से छूट दी गई है। इसी तरह चार वर्षीय बैचलर डिग्री वाले उम्मीदवार, जिनके पास न्यूनतम 7.50 CGPA या 75 प्रतिशत अंक हैं और जिन्होंने निर्धारित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास की है अथवा राष्ट्रीय स्तर की फेलोशिप हासिल की है, वे भी पीएचडी एडमिशन के लिए पात्र हो सकते हैं।
IIT से बैचलर या मास्टर डिग्री प्राप्त करने वाले और 10 प्वाइंट स्केल पर 8.0 या उससे अधिक CGPA रखने वाले उम्मीदवारों को भी निर्धारित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा या फेलोशिप की अनिवार्यता से छूट दी गई है। हालांकि, उम्मीदवारों को अपने संबंधित विभाग या प्रोग्राम की अतिरिक्त पात्रता शर्तों को जरूर देखना होगा।
IIT रुड़की में महिला उम्मीदवारों के लिए सकुंतला फेलोशिप की सुविधा भी उपलब्ध है। इस योजना के तहत मंत्रालय शिक्षा द्वारा वित्त पोषित तकनीकी संस्थानों से BTech, BE, BArch या BDes डिग्री रखने वाली महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं, बशर्ते उनका CGPA 10 प्वाइंट स्केल पर 8.5 या उससे अधिक हो। ऐसी पात्र उम्मीदवारों को GATE, CEED या अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की अनिवार्यता से छूट दी जाएगी।
IIT रुड़की के स्प्रिंग सेमेस्टर 2026-27 पीएचडी एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू हुई है और उम्मीदवार 20 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इंटरव्यू और/या लिखित परीक्षा की संभावित तारीख 16 से 21 नवंबर 2026 है। चयनित उम्मीदवारों के लिए अकादमिक रजिस्ट्रेशन 7 और 8 जनवरी 2027 को व्यक्तिगत रूप से होगा, जबकि कक्षाएं 11 जनवरी 2027 से शुरू होंगी।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले IIT रुड़की की ओर से जारी सूचना ब्रोशर को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपने संबंधित विभाग की पात्रता शर्तों की जांच करें। ऑनलाइन आवेदन IIT रुड़की की आधिकारिक एडमिशन वेबसाइट ir.iitr.ac.in/JointDegree. के माध्यम से किया जा सकता है।


