दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कम और मध्यम आय वर्ग के छात्रों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम (FSS) की घोषणा की है। यह योजना विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संस्थानों और केंद्रों में पढ़ रहे पात्र छात्रों के लिए लागू होगी।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) कार्यालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस योजना की जानकारी साझा की। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई जारी रखने में सहायता देना और फीस का बोझ कम करना है।
फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम के तहत विद्यार्थियों को उनकी वार्षिक पारिवारिक आय के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली श्रेणी में ऐसे पूर्णकालिक और नियमित छात्र शामिल होंगे, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 4 लाख रुपये तक है। इन विद्यार्थियों को फीस में 100 प्रतिशत तक छूट दी जा सकेगी। हालांकि, अधिकतम सहायता राशि 15,000 रुपये निर्धारित की गई है।
यानी पात्र छात्र की फीस यदि 15,000 रुपये या उससे कम है, तो उसे पूरी फीस माफी का लाभ मिल सकता है। वहीं इससे अधिक फीस होने की स्थिति में सहायता अधिकतम 15,000 रुपये तक सीमित रहेगी।
DU में 4 लाख तक आय वाले छात्रों को 100 प्रतिशत फीस छूट
यह योजना उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा जारी रखने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। विश्वविद्यालय की ओर से पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाने की उम्मीद है।
DU की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने और पढ़ाई के दौरान वित्तीय दबाव कम करने की दिशा में एक अहम कदम है।


