उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने जूनियर इंजीनियर (Agriculture) के 134 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि मुख्य परीक्षा और एडमिट कार्ड की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
इतने पदों पर होगी नियुक्ति
UPSSSC JE (Agriculture) भर्ती 2026 के तहत कुल 134 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें 54 पद सामान्य वर्ग, 23 अनुसूचित जाति (SC), 1 अनुसूचित जनजाति (ST), 43 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 13 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का UPSSSC PET 2025 में शामिल होना और वैध स्कोर कार्ड होना अनिवार्य है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में अभ्यर्थी का हाईस्कूल उत्तीर्ण होना चाहिए तथा उसके पास एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना जरूरी है। साथ ही देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी आवश्यक है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
सभी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है।
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले अभ्यर्थियों को PET 2025 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयन के लिए मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा की विस्तृत जानकारी आयोग बाद में जारी करेगा।
वेतनमान
जूनियर इंजीनियर (एग्रीकल्चर) पद पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 के तहत वेतन मिलेगा। पद का वेतनमान ₹9,300 से ₹34,800 तथा ग्रेड पे ₹4,200 निर्धारित है।
ऐसे करें आवेदन
- UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
- Junior Engineer (Agriculture) Main Exam के Apply Online लिंक पर क्लिक करें।
- PET 2025 रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि से लॉगिन करें।
- आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- ₹25 शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।


