बिहार पुलिस सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) ने होम गार्ड विभाग के तहत कंपनी कमांडर (गुल्म समादेशक) के 65 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे योग्य अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए 10 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी स्ट्रीम में स्नातक होना जरूरी है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 24 वर्ष होनी चाहिए, जबकि पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
शारीरिक मानदंड की बात करें तो सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर होनी चाहिए। इन उम्मीदवारों के लिए सीना बिना फुलाए 81 सेंटीमीटर और फुलाने पर 86 सेंटीमीटर निर्धारित है। अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर तथा सीना बिना फुलाए 79 और फुलाने पर 84 सेंटीमीटर होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर और न्यूनतम वजन 48 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होम पेज पर भर्ती से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन और मेक पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उम्मीदवार को आवेदन फॉर्म भरना होगा। आवेदन जमा करने के बाद व्यू एप्लीकेशन स्टेटस के माध्यम से फॉर्म की स्थिति जांचकर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
कंपनी कमांडर पद पर चयन के लिए उम्मीदवारों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा, मुख्य परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-6 के अनुसार वेतन दिया जाएगा। भर्ती के माध्यम से कुल 65 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।


