आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को राहत मिली है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना यानी एनएमएमएसएस 2026-27 के तहत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है। आवेदन प्रक्रिया एक जून से जारी है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संस्थान नोडल अधिकारी द्वारा पहले स्तर यानी एल1 सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 और जिला नोडल अधिकारी द्वारा दूसरे स्तर यानी एल2 सत्यापन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। चयनित विद्यार्थियों को एनएसपी पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा और इसके बाद योजना के लिए आवेदन पूरा करना होगा।
विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित योजना का उद्देश्य कक्षा आठवीं के बाद आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम करना और उन्हें कक्षा बारहवीं तक शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत कक्षा नौ के विद्यार्थियों को हर वर्ष एक लाख नई छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर छात्रवृत्ति का नवीनीकरण कक्षा दस से बारहवीं तक किया जाता है।
प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को सालाना 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलती है। राशि पीएफएमएस के माध्यम से डीबीटी मोड में बैंक खाते में भेजी जाती है। योजना राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए है।
पात्रता के लिए अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए कक्षा सातवीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। 31 अगस्त 2026 तक 79,398 नए और 1,87,208 नवीनीकरण आवेदन जमा हो चुके हैं। मंत्रालय ने विद्यार्थियों से समयसीमा के भीतर आवेदन और सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा है।


