मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार भर्ती परीक्षा-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती अभियान के तहत पुलिस विभाग में कुल 507 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 23 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
आयोग ने आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा भी दी है। उम्मीदवार 28 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
इस भर्ती में सबसे अधिक 312 पद उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 81 पद सूबेदार और 69 पद उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के लिए हैं। शेष पद पुलिस की तकनीकी शाखाओं, जैसे आर्म्स, फोटो और फिंगरप्रिंट विभाग में भरे जाएंगे। विशेष सशस्त्र बल के उप निरीक्षक पद के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जबकि अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क अनारक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। मध्य प्रदेश के OBC, SC, ST और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये और MP ऑनलाइन पोर्टल से आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त सेवा शुल्क लिया जाएगा। विभागीय अभ्यर्थियों के लिए अनारक्षित वर्ग की फीस 200 रुपये, जबकि SC, ST, OBC और EWS वर्ग के लिए 100 रुपये तय की गई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, मूल निवास और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सभी नियमों की जांच करने की सलाह दी गई है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान सभी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यदि आवेदन में गलत जानकारी या पात्रता संबंधी कमी पाई जाती है, तो उम्मीदवार की उम्मीदवारी किसी भी चरण में रद्द की जा सकती है


