सरकारी बैंक में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने ऑफिसर स्केल-I, II, III और ऑफिस असिस्टेंट (Multipurpose) पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
IBPS RRB 2026 की 15वीं एडिशन भर्ती के तहत अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। ज्यादातर पदों के लिए उम्मीदवार का स्नातक पास होना जरूरी है। वहीं कुछ पदों के लिए संबंधित विषय में डिग्री या प्रोफेशनल योग्यता मांगी गई है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, बागवानी, डेयरी, पशुपालन, पशु चिकित्सा विज्ञान, इंजीनियरिंग, लॉ यानी LLB, CA और MBA जैसी योग्यताएं शामिल हैं।
ऑफिस असिस्टेंट पदों के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। ऑफिसर स्केल-I के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष, ऑफिसर स्केल-II के लिए 21 से 32 वर्ष और ऑफिसर स्केल-III के लिए 21 से 40 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
IBPS RRB भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर 2026 में प्री-एग्जाम ट्रेनिंग आयोजित की जा सकती है। ऑफिसर और ऑफिस असिस्टेंट पदों के लिए प्रीलिम्स परीक्षा नवंबर या दिसंबर 2026 में होने की संभावना है। इसके बाद दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में रिजल्ट जारी किया जा सकता है। ऑफिसर और ऑफिस असिस्टेंट की मेन्स परीक्षा भी दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में आयोजित होने की संभावना है।
इस भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। उम्मीदवारों को सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाना होगा। यहां होम पेज पर भर्ती से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करने के बाद नए उम्मीदवारों को “Click here for New Registration” के विकल्प के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद उम्मीदवार लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करने के बाद फॉर्म को सबमिट करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भरे हुए फॉर्म का प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।


