उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और प्रवक्ता संवर्ग (PGT) भर्ती परीक्षाओं का नया विषयवार सिलेबस आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। नई व्यवस्था में परीक्षा पैटर्न में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव दोनों परीक्षाओं में पहली बार नेगेटिव मार्किंग लागू करना है। इससे पहले TGT और PGT परीक्षाओं में संबंधित विषय से 125 प्रश्न पूछे जाते थे और प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होता था।
फिलहाल आयोग ने केवल विषयवार सिलेबस जारी किया है। जनरल नॉलेज का विस्तृत सिलेबस आयोग की आगामी बैठक के बाद अलग से जारी किया जाएगा। इससे अभ्यर्थी बदले हुए परीक्षा पैटर्न के अनुसार अपनी तैयारी कर सकेंगे। आयोग ने विभिन्न विषयों की समान प्रकृति वाली डिग्रियों की मान्यता और पात्रता को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
अधिकांश विषयों के पाठ्यक्रम में बड़े बदलाव नहीं हुए हैं, लेकिन संस्कृत के सिलेबस में कुछ संशोधन किए गए हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार PGT संस्कृत में वैदिक साहित्य से जुड़े नए अंश शामिल किए गए हैं। वहीं TGT संस्कृत से ‘मेघदूतम्’ और ‘नीतिशतकम्’ हटाकर ‘हितोपदेश’, ‘रघुवंश महाकाव्य’ का द्वितीय सर्ग तथा ‘साहित्य दर्पण’ का प्रथम परिच्छेद जोड़ा गया है।
इस बीच प्रतियोगी छात्रों ने नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। रोजगार अधिकार अभियान के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त एक लाख से अधिक पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।


