महाराष्ट्र कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) सेल ने सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस (CAP) के तहत बी.फार्मेसी और डी.फार्मा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल ph2026.mahacet.org पर जाकर 10 अगस्त शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
सीईटी सेल के अनुसार दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो चुकी है और यह 11 अगस्त तक चलेगी। उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार ई-स्क्रूटनी (ऑनलाइन) या फिजिकल स्क्रूटनी (ऑफलाइन) का विकल्प चुन सकते हैं।
ई-स्क्रूटनी का चयन करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच ऑनलाइन की जाएगी, जबकि फिजिकल स्क्रूटनी चुनने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि और समय पर अपने चयनित स्क्रूटनी सेंटर पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद आवेदन को मंजूरी दी जाएगी और उम्मीदवारों को एक्नॉलेजमेंट रसीद प्रदान की जाएगी।
सीईटी सेल 13 अगस्त को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी करेगा। यदि किसी उम्मीदवार को मेरिट लिस्ट में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ 17 अगस्त तक आपत्ति दर्ज करा सकेगा। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 19 अगस्त को अंतिम मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।
महाराष्ट्र के प्रमुख फार्मेसी संस्थानों में इंस्टिट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (ICT), मुंबई, बॉम्बे कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मुंबई, यशवंतराव चव्हाण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, पुणे, डी. वाय. पाटिल कॉलेज ऑफ फार्मेसी तथा AISSMS कॉलेज ऑफ फार्मेसी, पुणे शामिल हैं। इन संस्थानों में प्रवेश CAP प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।


