मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने कृषि विस्तार अधिकारी (Agriculture Extension Officer) के 2784 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 17 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती समूह-2, उप समूह-1 के अंतर्गत किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के लिए की जा रही है।
जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 2784 रिक्तियों में 1126 पद अनारक्षित वर्ग, 444 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 316 पद अनुसूचित जाति (SC), 122 पद अनुसूचित जनजाति (ST) तथा 776 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कृषि या उद्यानिकी में स्नातक होना अनिवार्य है। किसी प्रकार के अनुभव की आवश्यकता नहीं रखी गई है, जिससे फ्रेशर्स के लिए भी यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग, महिला अभ्यर्थियों तथा निर्धारित शासकीय कर्मचारियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 45 वर्ष तक की छूट मिलेगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को 25,300 रुपये से 80,500 रुपये के वेतनमान का लाभ मिलेगा। चयन प्रक्रिया केवल लिखित परीक्षा के माध्यम से होगी। परीक्षा का आयोजन 2 अगस्त 2026 से दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, गणित, तार्किक क्षमता, विज्ञान, कंप्यूटर ज्ञान तथा संबंधित विषय से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये रखा गया है। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 60 रुपये पोर्टल शुल्क भी देना होगा।
इच्छुक उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर पहले पंजीकरण करें, इसके बाद आवेदन पत्र में सभी आवश्यक जानकारी भरें, फोटो और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें तथा शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।


