बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए पटना स्थित अनुग्रह नारायण (एएन) कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती एवं कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इससे राज्य में उच्च शिक्षा के स्तर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
साथ ही, शिक्षा विभाग ने राज्य के 10 प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में इवनिंग कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। इनमें पटना साइंस कॉलेज, एएन कॉलेज, बीएन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, जेडी वीमेंस कॉलेज, एमएस कॉलेज (मोतिहारी), एलएस कॉलेज (मुजफ्फरपुर), टीएनबी कॉलेज (भागलपुर) तथा सीएम साइंस कॉलेज (दरभंगा) शामिल हैं।
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे कामकाजी युवाओं, महिलाओं और अन्य विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। साथ ही कॉलेजों की मौजूदा अधोसंरचना और संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा। विभाग के अनुसार, इवनिंग कक्षाओं में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ेगी। यह पहल बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


