फुटबॉल ग्लोब की तरह ग्लोबल और दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। दुनिया भर के फुटबॉलरों के लिए अपनी पहचान बनाने का सबसे बड़ा मंच फीफा विश्व कप फुटबॉल है। अब तक हुए कुल 22 संस्करणों में ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा पांच बार फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट जीतने और दो बार उपविजेता रहने वाली टीम है। पेले ब्राजील के लिए लगातार चार 1952, 1956, 1966 और 1970 के विश्व कप में कुल 14 मैच खेल कर 12 गोल किए और 1966 के संस्करण को छोड़ कर सभी में चैंपियन बनाया। ब्राजील के बाद जर्मनी और इटली ने चार चार, मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने तीन, फ्रांस व उरुग्वे ने दो दो तथा इंग्लैंड और स्पेन ने एक एक बार खिताब जीता है।
फुटबॉल के दुनिया के सबसे बड़े मेले में अब अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में 12 जून से 20 जुलाई तक होने वाले सबसे ज्यादा 48 टीमों के 23वें फीफा विश्व कप फुटबॉल में 18 बरस के स्टार स्ट्राइकर लेमाइन यमाल से सज्जित दुनिया की नंबर 1 2010 की चैंपियन स्पेन, 27 बरस के कईलान बापे से सज्जित दूसरे नंबर पर काबिज उपविजेता फ्रांस, लियोनल मैसी की अगुआई वाली मौजूदा और तीन बार की चैंपियन तीसरे नंबर की अर्जेंटीना, अब से 60 बरस पहले केवल एक बार चैंपियन रही चौथे नंबर की इंग्लैंड खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगी। 2002 में आखिरी और पांचवीं बार खिताब जीतने वाली बुढ़ाते ज्यादातर लंबे कद के अपने फुटबॉलरों पर यकीन करने वाली छठे नंबर की कभी अपनी कलात्मक फुटबॉल के लिए ख्यात ब्राजील के पास बेशक नेमार, रफिन्हा, विनिशियस जू जैसे स्ट्राइकर हैं, वह 2026 के संस्करण में कुल छठी बार खिताब जीत सकती है।
वहीं 41 बरस की उम्र में अपना छठा और आखिरी विश्व कप खेलने जा रहे बूढ़े शेर क्रिस्टियानो रॉनाल्डो की अगुआई वाले अपने पहले खिताब की तलाश में जुटी पांचवें नंबर की टीम पुर्तगाल खिताब जीतने की कोशिश जरूर करेगी लेकिन उसकी यह हसरत पूरी होती नहीं लगती है। चार बार की चैंपियन जर्मनी, मेजबान अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा क्वॉर्टर फाइनल में पहुंची तो बड़ी उपलब्धि होगी।
यमाल पर टिकी हैं स्पेन की उम्मीदें
स्पेन को अपने ग्रुप एच में मुख्य रूप से उरुग्वे से चुनौती मिलेगी। वह 18 बरस के विलक्षण स्ट्राइकर लमाइन यमाल के साथ आक्रामक मिडफील्डर 23 बरस के कप्तान पैड्री पर भरोसा कर उतरेगा। यमाल का साथ निभाने के लिए स्पेन के पास बतौर स्ट्राइकर फेरन टोरेज के साथ माइकल ओयारजबल और माइकल मेरिनो हैं। स्पेन 2010 में खिताब जीतने के बाद अपने पिछले 14 प्रयास में मात्र एक बार सेमीफाइनल में पहुंची है और उसे यदि दूसरी बार खिताब जीतने की अपनी हसरत पूरी करनी है तो फिर उसे इससे बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यमाल ला लीगा में बार्सीलोना के लिए दमदार प्रदर्शन कर 16 गोल कर इस विश्व कप में खेलेंगे। बतौर मिडफील्डर पैड्रो में गोल खुद गोल करने के साथ गोल के अभियान बनाने का कौशल तो है ही, वह जवाबी हमला बोल गोल कर मैच की तस्वीर बदलना भी जानते हैं।
स्ट्राइकर बापे और ओलइस में मजबूत रक्षापंक्ति को बिखेरने का दम
दुनिया की दूसरे नंबर की 2018 सहित दो बार की विजेता और पिछले संस्करण की उपविजेता फ्रांस के करिश्माई स्ट्राइकर कलियान बापे विश्व कप फाइनल में हैट्रिक और शानदार प्रदर्शन के लिए दो बार गोल्डन बूट जीत चुके हैं। बापे ने 2018 में आठ गोल कर फ्रांस को खिताब जिताने में अहम भूमिका अदा की थी। फ्रांस की टीम पिछले सात संस्करणों में से चार के फाइनल में पहुंची है। रियल मैड्रिड से खेलने वाले बापे की खुशकिस्मती है कि उनके साथ बायर्न म्युनिख से खेलने वाले स्ट्राइकर माइकल ओलाइस में अपने पैरों की कलाकारी से दुनिया की मजबूत से मजबूत रक्षापंक्ति को बिखेरने का दम है। ये दोनों चले तो इस बार फ्रांस खिताब अपने नाम कर सकता है। फ्रांस इन दोनों के बूते अपने ग्रुप आई में सेनेगल और अर्लिंग होलन की अगुआई वाली नार्वे की चुनौती को आसानी से तोड़ सबसे पहले ग्रुप में शीर्ष स्थान पा सकता है। फ्रांस के पास दिदियर डीशैंपस के रूप में बेहतरीन कोच हैं।
अर्जेंटीना को फिर मैसी से कमाल की आस
अर्जेंटीना के सर्वकालीन महानतम स्ट्राइकर डिएगो माराडोना के वारिस अपना संभवत: आखिरी विश्व कप खेल रहे लियोनल मैसी अपने अंतराष्ट्रीय फुटबॉल करियर की शाम में अर्जेंटीना को ग्रुप जे में अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया की चुनौती को ध्वस्त कर शीर्ष स्थान दिलाने के बाद 2026 के संस्करण में विश्व कप खिताब बरकरार रखने में अहम रोल निभा सकते है। लियोनल स्कोलनी ने बतौर कोच अपने मार्गदर्शन में मैसी जैसे खिलाड़ी से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पिछले संस्करण में अर्जेंटीना को खिताब जिता अपने आलोचकों को शांत कर दिया था। अर्जेंटीना के पास मैसी के साथ 26 वर्षीय एथलेटिको मैड्रिड से खेलने वाले स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज के साथ अलेक्सिज मैक एलिस्टर और एंजो फर्नांडीज के रूप में चतुर मिडफील्डर उसे बेहतरीन टीम बनाते हैं।
स्ट्राइकर रफिन्हा, विनिशयस, रेयन और नेमार हैं ब्राजील की ताकत
पांच बार की चैंपियन फीफा रैंकिंग में छठे नंबर पर काबिज ब्राजील इकलौती ऐसी फुटबाल टीम है जिसने अब तक हुए सभी 22 विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई कर इसमें शिरकत की है। ब्राजील को विश्व कप जीते 24 बरस हो चुके हैं। 1982 से ब्राजील ने हर विश्व कप में अपने पूल में शीर्ष स्थान पाया है। कलात्मक फुटबॉल पर यकीन करने वाली ब्राजील ने अपने कोच इटली के कार्लोस एंसिलोटी के मार्गदर्शन में गेंद को ज्यादा कब्जे में रखने की बजाय साथी खिलाड़ी की ओर बढ़ाने की नीति अपनाई। ब्राजील की ताकत है रफिन्हा, विनिशयस, रेयन और नेमार जैसे तेज तर्रार स्ट्राइकर की चौकड़ी।
ब्राजील की कोशिश अपने तेज तर्रार स्ट्राइकरों की रफ्तार का इस्तेमाल कर प्रतिद्वंद्वी के किले को भेदना है। ब्राजील की मौजूदा टीम में 15 खिलाड़ी वही हैं जिन्होंने पिछले विश्व कप में शिरकत की थी और उसकी टीम की औसत उम्र 29 बरस है ज्यादातर खिलाड़ी खासे लंबे हैं। ब्राजील की टीम ग्रुप सी में मोरक्को, स्कॉटलैंड और हैती के साथ और उसे इस बार भी अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ब्राजील के पास 19 बरस के लंबे कद के रेयन के रूप में ऐसे स्ट्राइकर हैं जो कि रफिन्हा के साथ मिलकर दुनिया की किसी भी रक्षापंक्ति को बिखेर गोल कर सकते है। इनके साथ ही गुइमारेज और पाइकुइता बतौर मिडफील्डर और मारकुइनोज डिफेंडर के रूप में उम्मीदों के मुताबिक खेले तो बेशक ब्राजील ढाई दशक के बाद फिर विश्व कप जीत सकती है।
इंग्लैंड के केन कसौटी पर होंगे
पांचवीं वरीयता प्राप्त इंग्लैंड की टीम खासे मुश्किल ग्रुप एल में खतरनाक घाना और क्रोएशिया के साथ है। इंग्लैंड ने हाल ही में कई बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल में स्थान बनाया। इंग्लैंड अपना तीसरा विश्व कप खेलने जा रहे स्ट्राइकर हैरी केन, अपना दूसरा विश्व कप खेलने जा रहे डेकलन राइस, जूड बेलिंघम और बुकायो साका पर भरोसा कर 1966 के बाद दूसरी बार विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। इंग्लैंड को सबसे पहले अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पाना है तो कप्तान केन के साथ बतौर स्ट्राइकर एंथनी गार्डन को पैरों की कलाकारी दिखानी होगी। खासतौर पर कप्तान स्ट्राइकर केन कसौटी पर होंगे। हेनरी केन इंग्लैंड के कोच थॉमस टचेल की तुरुप का इक्का साबित हसे सकते हैं। उसके आसानी से क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीद है क्योंकि नॉकआउट में कुछ भी मुमकिन है।
रोनाल्डो विश्व कप में यादगार प्रदर्शन को उतरेंगे
अपना छठा और आखिरी विश्व कप खेलने जा रहे 41 बरस के क्रिस्टियानो रॉनाल्डो अपने पूरे कौशल के बावजूद अब तक दुनिया की पांचवें नंबर की टीम पुर्तगाल को कभी विश्व कप नहीं जिता पाए हैं। ग्रुप के में पुर्तगाल को कोलंबिया जैसी लैटिन अमेरिकी टीम से कड़ी चुनौती मिलेगी। पुर्तगाल को खिताब जीतने की हसरत पूरी करनी है तो कप्तान रोनाल्डो के साथ प्लेमेकर मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेलने वाले मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडीज को उम्मीदें पर खरा उतरना होगा। रॉनाल्डो इकलौते ऐसे फुटबॉलर है जिन्होंने पांच अलग अलग विश्व कप में गोल किए हैं और गोल करने के लिए पास के लिए वह ब्रूनो फर्नांडीज पर निर्भर करेंगे।
23वां फीफा विश्व कप फुटबाल 12 जून से 20 जुलाई, 2026 तक चलेगा। इसमें कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं जो 39 दिन में कुल मैच 104 खेलेंगे। इसमें कुल 1248 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 2026 में 20 बरस से कम के 22 खिलाड़ी और 40 वर्ष और इससे ज्यादा उम्र के 7 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। विश्व कप में यूरोप की16, अफ्रीका की 10, एशिया की 9, नार्थ सेंट्रल अमेरिका व कैरबियन की 6, ओशिनिया की 1 टीम शिरकत करेगी। पहली बार शिरकत करने जा रहे 4 देश कैप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन व उजबेकिस्तान शामिल हैं। अमेरिका के 11 शहरों में 78 मैच, मैक्सिको के 3 शहरों में 13 मैच, कनाडा के 2 शहरों में 13 मैच होंगे। ग्रुप मैच 12 जून से 4 जुलाई तक, 8 प्री क्वॉर्टर फाइनल 4 से 8 जुलाई तक, 4 क्वॉर्टर फाइनल 10 से 12 जुलाई तक होंगे। सेमीफाइनल 15 और 16 जुलाई को फाइनल 20 जुलाई को होगा। सभी टीमें अपने अपने ग्रुप की टीमों से एक एक बार भिड़ेंगी। 12 ग्रुप में से दो दो शीर्ष टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली श्रेष्ठ आठ टीमें अंतिम 32 में पहुंचेगी।
कुल ग्रुप और फीफा रैंकिंग
ग्रुप ए : मैक्सिको (15), दक्षिण कोरिया (25), चैकिया (41), दक्षिण अफ्रीका (60)
ग्रुप बी: स्विटजरलैंड (19), कनाडा (30), कतर (55), बोस्निया (65)
ग्रुप सी : ब्राजील (6), मोरक्को (8), स्कॉटलैंड (43), हैती (83)
ग्रुप डी : अमेरिका (16), तुर्किए (22), ऑस्ट्रेलिया (27), पराग्वे (40)
ग्रुप ई: जर्मनी (10), इक्वेडोर (23), आइवरी कोस्ट (34), कुराकाओ (82)
ग्रुप एफ : नीदरलैंड (7), जापान (18), स्वीडन (36), टयूनीशिया (44)
ग्रुप जी : बेल्जियम (9), इरान (21), मिस्र (29), न्यूजीलैंड (85)
ग्रुप एच : स्पेन (2), उरुग्वे (17), सउदी अरब (61), कैप वर्डे (69)
ग्रुप आई : फ्रांस (1), सेनेगल (14), नार्वे (31), इराक (57)।
ग्रुप जे : अर्जेंटीना (3), अल्जीरिया (28), ऑस्ट्रेलिया (24), जॉर्डन (63)
ग्रुप के : पुर्तगाल (5), कोलंबिया (13), कांगो (46), उज्बेकिस्तान (50)
ग्रुप एल : इंग्लैंड (4), क्रोएशिया (11), पनामा (33), घाना


