नौशीन नाज के तीसरे मिनट में गोल से बढ़त लेने के बाद 1-2 से पिछड़ने के बाद किरण एक्का के 54 वें मिनट में दागे गोल से निर्धारित समय तक दो दो की बराबरी के बाद भारतीय टीम चीन से शूटआउट में अंडर 18 महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के रोमांचक सेमीफाइनल में काकामिगहारा (जापान) में 1-3 से हार गई। भारत की अंडर 18 महिला टीम अब कांसे के लिए दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। चीन की ली जीयान ने 24 में मिनट में गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया।
झांग युहेंग ने 48वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 कर दिया। चीन के लिए शूटआउट में शुरू के तीन प्रयास पर तोंगतोंग लू, चेन जी और जियाजिन गुओ ने भारत की गोलरक्षक खिली कुमारी को छका कर गोल किए । पराजित भारत की ओर से अकेली संदीपा कुमारी ही दूसरे प्रयास में गोल कर पाई, जबकि नौशीन नाज के पहले, प्रियंका मिंज के तीसरे और किरण एक्का के चौथे प्रयास को गोलरक्षक लियू जुई ने रोक कर चीन को फाइनल में पहुंचा दिया।
चीन की टीम अब फाइनल में खिताब के लिए मौजूदा चैंपियन जापान से भिड़ेगी। कप्तान यूनो सिकीगुची के तीसरे क्वॉर्टर में दागे इकलौते और निर्णायक गोल से जापान ने दक्षिण कोरिया पर दूसरे सेमीफाइनल में 1-0 से हराया। कप्तान स्वीन रिवर्स हिट जमा गोल कर भारत को पहले सेमीफाइनल में तीसरे मिनट में 1-0 से आगे कर दिया। दोनों ही टीमों ने बीच मैदान से हमले बोल कर दबाव जरूर बनाया लेकिन बावजूद इसके पहले क्वॉर्टर में भारत ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी। भारत की गोलरक्षक महक परिहार ने दूसरे क्वॉर्टर के छठे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर फेंग जियाजिन के ड्रैग फ्लिक को रोक कर चीन को बराबरी पाने से रोक दिया। ली जीयान ने तीन मिनट बाद भारत की रक्षापंक्ति की चूक कर लाभ उठा बढ़िया मैदानी गोल कर चीन को एक एक की बराबरी दिला दी।
तीसरे क्वॉर्टर में चीन को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने मुस्तैदी दिखा उसे बढ़त लेने से रोक दिया। झांग यूझेंग ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में गोलरक्षक के पैड को लगकर लौटती गेंद पर गोल कर चीन को 2-1 से आगे कर दिया। किरण ने निर्धारित समय की समाप्ति से छह मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत का दो दो की बराबरी दिला दी और निर्धारित समय की समाप्ति पर स्कोर यही रहने पर फैसले के लिए शूटआउट लागू किया। शूटआउट में चीन ने अपनी गोलरक्षक लियू जुई के तीन बेहतरीन बचावों की बदल 3-1 से जीत के साथ फाइनल में स्थान बना लिया।


