राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (NIOS) ने अप्रैल-मई 2026 सत्र की वरिष्ठ माध्यमिक (कक्षा 12वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। छात्र एनआईओएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने नामांकन (Enrollment) नंबर की मदद से ऑनलाइन रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल से 6 मई 2026 के बीच आयोजित की गई थीं।
एनआईओएस ने उन विद्यार्थियों को भी राहत दी है जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे छात्र पुनर्मूल्यांकन या पुनर्जांच (Re-checking) के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 10 जून से 25 जून 2026 तक खुली रहेगी। परिणाम में सुधार की उम्मीद रखने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा, क्योंकि इसके बाद किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
एनआईओएस के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सार्वजनिक परीक्षा (Public Exam) की 12वीं कक्षा के लिए पुनर्जांच शुल्क 400 रुपये प्रति विषय तथा पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1000 रुपये प्रति विषय निर्धारित किया गया है। वहीं ऑन-डिमांड परीक्षा (ODE) के लिए पुनर्जांच शुल्क 400 रुपये और पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1200 रुपये प्रति विषय रखा गया है। इसके अतिरिक्त आवेदन करते समय 50 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा।
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को सबसे पहले NIOS की आधिकारिक वेबसाइट results.nios.ac.in पर जाना होगा। इसके बाद “NIOS Senior Secondary Result 2026” लिंक पर क्लिक कर अपना Enrollment Number और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। सबमिट करते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट भी किया जा सकता है।छात्र आवेदन की स्थिति “My Request” लिंक के माध्यम से ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।


