देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों में शामिल सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) ने कॉन्स्टेबल (टेक्निकल/ ट्रेड्समैन/ पायनियर) के 9195 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार सीआरपीएफ में शामिल होकर देश सेवा करना चाहते हैं, उनके पास आवेदन करने का अब अंतिम मौका बचा है। अंतिम तारीख के बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी।
इस भर्ती अभियान के तहत पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
सीआरपीएफ द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 9195 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें लगभग 9175 पद कॉन्स्टेबल टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन श्रेणी के हैं, जबकि 20 पद पायनियर विंग के लिए आरक्षित किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत ड्राइवर, कुक, बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, दर्जी, पेंटर, वॉटर कैरियर, सफाई कर्मचारी और मोची समेत विभिन्न ट्रेड्स के पद शामिल किए गए हैं।
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। कुछ तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट, अनुभव अथवा हेवी ट्रांसपोर्ट व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की भी आवश्यकता होगी।
आयु सीमा की बात करें तो कॉन्स्टेबल ड्राइवर पद के लिए उम्मीदवार की आयु 21 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं अन्य सभी पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 23 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क के रूप में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये जमा करने होंगे, जबकि एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है।
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), ट्रेड/स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे।
सीआरपीएफ ने उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में सुधार का भी मौका दिया है। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन भरते समय किसी प्रकार की गलती हो जाती है, वे 21 मई से 23 मई 2026 तक करेक्शन विंडो के माध्यम से अपने फॉर्म में संशोधन कर सकेंगे।
इच्छुक उम्मीदवार सीआरपीएफ की आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद “Apply Here” विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा।


