कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली तीन महत्वपूर्ण परीक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार कोस्ट गार्ड एनरोल्ड पर्सन्स टेस्ट, वार्षिक विभागीय टाइपिंग टेस्ट और दिल्ली पुलिस एवं CAPFs सब-इंस्पेक्टर टियर-2 परीक्षा की तारीखों की घोषणा की गई है। इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर परीक्षा संबंधी नोटिस डाउनलोड कर सकते हैं।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सबसे पहले कोस्ट गार्ड एनरोल्ड पर्सन्स टेस्ट (CGEPT) बैच 01/2027 और 02/2027 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 17 और 18 नवंबर 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी। इसके बाद वार्षिक विभागीय टाइपिंग टेस्ट (अंग्रेजी/हिंदी) और स्टेनोग्राफर स्किल टेस्ट (अंग्रेजी/हिंदी) का आयोजन 20 और 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
वहीं दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) में सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए टियर-2 परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। यह परीक्षा भी कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में संपन्न कराई जाएगी। इस तरह नवंबर महीने में इन तीनों परीक्षाओं का आयोजन 17 नवंबर से 28 नवंबर 2026 के बीच किया जाएगा।


