नई दिल्ली, 8 मई, 2026: कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में गुजरात टाइटंस आईपीएल 2026 में पिछले तीन मैचों में फिलहाल शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स, मौजूदा चैंपियन आरसीबी और पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स पर मिली जीत से खासी उत्साहित है। गुजरात टाइटंस की इन तीनों जीत में उसके वेस्ट इंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर का गेंद व बल्ले से बढ़िया प्रदर्शन के साथ चुस्त क्षेत्ररक्षण खासा अहम रहा है।
गुजरात टाइटंस ने मौजूदा संस्करण में लगातार दो हार से आगाज करने के बाद अगले लगातार तीन मैच जीते और फिर दो मैच हारे और फिर तीन मैच जीते। गुजरात टाइटंस अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स के हाथों दूसरे बेहद रोमांचक मैच में छह रन से मिली हार का शनिवार को रिटर्न मैच में उसे जयपुर में हरा हिसाब चुकाने के मकसद से उतरेगी। दोनों टीम के फिलहाल दस-दस मैचों में छह-छह जीत और चार-चार हार के साथ समान रूप से 12-12 अंक हैं। राजस्थान रॉयल्स अपने बेहतर नेट रन रेट के चलते फिलहाल गुजरात टाइटंस से एक पायदान ऊपर चौथे स्थान पर है।
कप्तान रियान पराग (90) के पहले अर्धशतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स अपने घर में पिछले मैच में 225 रन बनाने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स से जयपुर में सात विकेट से हार गई थी। राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस से अपने पिछले पांच में अंतिम दो मैच लगातार जीते हैं और तीन मैच हारे हैं। राजस्थान रॉयल्स की कोशिश गुजरात टाइटंस पर शनिवार को भी जीत के साथ प्ले-ऑफ में पहला कदम रखने पर रहेगी। दोनों टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम के साथ धारदार तेज गेंदबाजी और चतुर स्पिनर हैं और ऐसे में खेले जाने वाले मैच में जयपुर में खासे रोमांचक संघर्ष की उम्मीद है।
इस मैच में नजरें दस मैचों में फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के लिए रन बनाने में सबसे आगे चल रहे एक शतक और दो अर्धशतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी (404 रन) और तीन अर्धशतक जड़ने वाले उनके सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल (312 रन) की जोड़ी तथा गुजरात टाइटंस के लिए एक शतक और दो अर्धशतक जड़ने वाले साई सुदर्शन (385 रन) और तीन अर्धशतक जड़ने वाले कप्तान शुभमन गिल (378 रन) की सलामी जोड़ी पर रहेंगी। वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चला तो वह पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में ही धूम-धड़ाका कर राजस्थान रॉयल्स को तूफानी आगाज दिला गुजरात टाइटंस पर दबाव बना सकते हैं।
भारत और दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के रूप में बाएं हाथ की प्रतिभाशाली सलामी जोड़ी से राजस्थान रॉयल्स तेज आगाज की आस करेगी। वहीं गुजरात टाइटंस भी अपने कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की कामयाब सलामी जोड़ी से राजस्थान के खिलाफ तूफानी आगाज की आस करेगी।
राजस्थान रॉयल्स के पास वैभव व यशस्वी की तूफानी सलामी जोड़ी के साथ शीर्ष क्रम में तीन अर्धशतक जड़ने वाले ध्रुव जुरैल (290 रन) के रूप में शीर्ष क्रम और पिछले मैच में टीम की जयपुर में हार के बावजूद 90 रन की तूफानी पारी के साथ रंग में लौटने वाले कप्तान रियान पराग (207 रन), दो अर्धशतक जड़ने वाले डोनोवन फरेरा (9 मैच, 229 रन) के रूप में मजबूत मध्यक्रम है। रवींद्र जडेजा (152 रन) व शिमरोन हेटमायर (7 मैच, 72 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर राजस्थान रॉयल्स के लिए चिंता का सबब है।
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को गुजरात टाइटंस के मौजूदा सीजन के शुरू के दस मैचों में सबसे कामयाब तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (16 विकेट), मोहम्मद सिराज (11 विकेट), प्रसिद्ध कृष्णा (12 विकेट), जेसन होल्डर (4 मैच, 7 विकेट) व अशोक शर्मा (6 मैच, 6 विकेट) की चौकड़ी के साथ चतुर लेग स्पिनर राशिद खान (11 विकेट) व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान (3 मैच, 5 विकेट) से चौकस रहना होगा।
कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की अब तक की कामयाब सलामी जोड़ी के साथ गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी दो अर्धशतक जड़ने वाले जोस बटलर (335 रन) के साथ एक अर्धशतक जड़ने वाले वाशिंगटन सुंदर (209 रन) पर निर्भर है। गुजरात टाइटंस के लिए ग्लेन फिलिप्स (6 मैच, 67 रन), राहुल तेवतिया (9 मैच, 78 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर चिंता का सबब है। राजस्थान रॉयल्स के लिए शुरू के 10 मैचों में गेंदबाज रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर (15 विकेट) व नेंड्रे बर्गर (9 विकेट), ब्रजेश शर्मा (7 मैच, 7 विकेट) की त्रिमूर्ति के साथ बड़े दिल वाले नौजवान लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (9 मैच, 11 विकेट) पर निर्भर है। खासतौर पर जोफ्रा आर्चर ने यदि शुभमन गिल और सुदर्शन की सलामी जोड़ी को सस्ते में पवेलियन लौटा दिया तो लेग स्पिनर रवि बिश्नोई बटलर और वाशिंगटन सुंदर को सस्ते में पवेलियन लौटा मेहमान गुजरात टाइटंस को बेशक अपने घर में दिक्कत में डाल सकते हैं।
अच्छा रहा सुंदर मैच जिता कर लौटे: शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हम पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच को ज्यादा लंबा खींचना चाहते थे। हमारी कोशिश इस मैच से दो अंक हासिल करने की थी। हम यह जानते थे कि अहमदाबाद की पिच ऐसी नहीं थी कि हम इस पर मैच 15-16 ओवर में जीत लें। यदि कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक गया तो उसे आखिर तक खेलने की जरूरत थी। हमारे लिए अच्छी बात यह रही कि वाशिंगटन सुंदर आखिर तक क्रीज पर टिके रहकर हमें मैच जिता कर लौटे।’
मुझे आलोचकों को जवाब देने की जरूरत नहीं: पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ‘मेरा मानना था कि जयपुर की पिच पर 200 रन एक अच्छा स्कोर होता। हम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बीच के ओवरों में बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। जहां तक फिनिशर्स को रोक कर रखने की बात है तो हम दरअसल क्रीज पर बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों को चाहते थे। जब आठ-नौ ओवर बाकी रहते तो हम कुछ रुक कर खेलना चाहते थे। जहां तक दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मेरी पारी का ताल्लुक है तो इस बाबत बस यही कहूंगा कि मुझे आलोचकों को जवाब देने की जरूरत नहीं है।’
शनिवार का मैच: राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस (जयपुर, शाम साढ़े 7 बजे से)।


