Trending News

मिशन गगनयान की ओर ISRO का एक और बड़ा कदम, श्रीहरिकोटा में दूसरे इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट का सफल परीक्षण, 2027 में लॉन्च किया जाएगा गगनयान राज्यसभा के मनोनीत सांसद बने हरिवंश नारायण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया नॉमिनेट, आज राज्यसभा में नीतीश कुमार का शपथग्रहण असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91% वोटिंग, पुडुचेरी में करीब 90% मतदान, केरलम में 78.27% लोगों ने डाला वोट महिला आरक्षण संशोधन ड्राफ्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, 2029 लोकसभा चुनाव से होगा लागू, 816 हो जाएंगी लोकसभा सीटों की संख्या, 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित, PM मोदी बोले- यह भारत की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों की झलक मिशन गगनयान की ओर ISRO का एक और बड़ा कदम, श्रीहरिकोटा में दूसरे इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट का सफल परीक्षण, 2027 में लॉन्च किया जाएगा गगनयान राज्यसभा के मनोनीत सांसद बने हरिवंश नारायण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया नॉमिनेट, आज राज्यसभा में नीतीश कुमार का शपथग्रहण असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91% वोटिंग, पुडुचेरी में करीब 90% मतदान, केरलम में 78.27% लोगों ने डाला वोट महिला आरक्षण संशोधन ड्राफ्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, 2029 लोकसभा चुनाव से होगा लागू, 816 हो जाएंगी लोकसभा सीटों की संख्या, 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित, PM मोदी बोले- यह भारत की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों की झलक

सूर्य की 84 रन की तूफानी पारी से भारत का अमेरिका पर जीत से आगाज

आईसीसी टी-20 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की नाबाद आतिशी पारी और सिराज-अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हरा दिया। 77 रन पर 6 विकेट खोने के बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए 161 रन बनाए और अमेरिका को 132 पर रोककर विजयी आगाज किया।

Published: 09:06am, 08 Feb 2026

मुंबई, 7 फरवरी, 2026

कप्तान सूर्य कुमार यादव की दूसरे छोर से विकेटों के पतझड़ के बीच मात्र 49 गेंदों में चार छक्कों और दस चौकों की बदौलत अविजित 84 रन की तूफानी पारी के दम पर भारत ने आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप ए के अपने पहले मैच में अमेरिका को 29 रन से हराकर शानदार आगाज किया। वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। भारत के शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह सहित उसके बाएं हाथ के पांचों बल्लेबाज जब वानखेड़े की ऐसी पिच पर, जहाँ गेंद रुक कर आ रही थी, बड़े स्ट्रोक खेलने की हड़बड़ी में बाउंड्री पर कैच थमा बैठे, तो भारत की ‘दे दनादन’ करने की रणनीति पर सवाल उठने लगे।

विस्फोटक अभिषेक शर्मा (2 रन) ने पारी के दूसरे ओवर में अली खान की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में डीप कवर पॉइंट पर संजय कृष्णामूर्ति को कैच थमा दिया और भारत ने पहला विकेट छह रन पर खो दिया। इसके बाद इशान किशन (20 रन, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) छठे ओवर में शेडले वेन शेलवेक की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिड-ऑफ पर कैच थमा बैठे। शेलवेक (4/25) ने अपने इसी ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर तिलक वर्मा (25 रन) और शिवम दुबे (0) को भी आउट कर भारत की कमर तोड़ दी। तिलक वर्मा का कैच इससे पहले चौथे ओवर में छूटा था, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके। जब 46 रन पर चार विकेट गिर गए, तो भारत के 100 रन के भीतर सिमटने का खतरा पैदा हो गया था। रिंकू सिंह (6 रन, 14 गेंद) भी 12वें ओवर में मोहम्मद मोहसिन का शिकार बने और 13वें ओवर में जब भारत का स्कोर 6 विकेट पर 77 रन था, तब संकट गहरा गया था।

ऐसे में कप्तान सूर्य कुमार यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी आक्रामक पारी से सभी आशंकाओं को दूर कर दिया। सूर्या ने रंजने की गेंद को स्क्वायर के ऊपर से उड़ाकर 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें अक्षर पटेल (14 रन, 11 गेंद) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 47 रन की तेज भागीदारी की। पारी के 16वें ओवर में सौरभ नेत्रवलकर के खिलाफ भारत ने 21 रन बटोरे, जिसमें सूर्या का हेलिकॉप्टर शॉट और छक्का शामिल था। भारत ने आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बनाए और निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। अमेरिका के सौरभ नेत्रवलकर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने चार ओवर में 65 रन लुटाए। अर्शदीप सिंह (4 रन) पारी की अंतिम पूर्व गेंद पर आउट हुए।

162 रनों के लक्ष्य के जवाब में अमेरिका की शुरुआत भी खराब रही। चोट के कारण बाहर हुए हर्षित राणा की जगह टीम में आए मोहम्मद सिराज (3/29) और अर्शदीप सिंह (2/18) ने मिलकर पांच विकेट चटकाए। सिराज ने अपने पहले स्पैल में आंद्रेज गौस (6 रन) को तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया। अर्शदीप ने तीसरे ओवर में कप्तान मोनाक पटेल (0) को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। जल्द ही सिराज ने साइतेजा मुकोमाला (2 रन) को वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराकर अमेरिका का स्कोर चार ओवर में तीन विकेट पर 13 रन कर दिया। इसके बाद मिलिंद कुमार (34 रन, 34 गेंद) और संजय कृष्णामूर्ति (37 रन, 31 गेंद) ने चौथे विकेट के लिए 52 गेंदों में 58 रन जोड़कर भारत की मुश्किलें बढ़ानी चाही। 10 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर 3 विकेट पर 49 रन था।

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 12वें ओवर में मिलिंद कुमार को इशान किशन के हाथों कैच कराकर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अक्षर पटेल (2/24) ने अपने चौथे ओवर में संजय कृष्णामूर्ति और फिर अगली ही गेंद पर हरमीत सिंह (0) को आउट कर अमेरिका का स्कोर छह विकेट पर 98 रन कर दिया। अंत में शुभम रंजने ने 22 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन सिराज ने मैच की आखिरी गेंद पर उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर अमेरिका की पारी 132 रन पर समेट दी। वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद 30 हजार से अधिक दर्शकों ने तालियां बजाकर भारत की इस जीत का जश्न मनाया। हालांकि, 77 रन पर छह विकेट गंवाने की स्थिति से सबक लेकर अब भारतीय टीम 12 फरवरी को दिल्ली में होने वाले मैच में अधिक चौकस होकर मैदान में उतरेगी।

YuvaSahakar Desk

Recent Post