ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया की पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार बेहतरीन ड्रैग फ्लिक की बदौलत जमाई हैट्रिक व मधु सिदर और सुखवीर कौर के एक- एक गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया पर शनिवार को पहले सेमीफाइनल में 5-1 की आसान जीत के साथ मोकी (चीन) में एएचएफ जूनियर महिला हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट के फाइनल में स्थान बना लिया। पराजित दक्षिण कोरिया के लिए इकलौता गोल यूरी जियोंग ने दागा। भारत की जूनियर महिला टीम अब फाइनल में चीन और जापान के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगी। 2023 और 2024 की चैंपियन भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम की निगाहें अब जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में खिताबी हैट्रिक पूरी करने पर लगी हैं।
भारत और दक्षिण कोरिया ने सेमीफाइनल में पहले क्वॉर्टर में एक दूसरे की ताकत को तौलने में लगाया। भारत ने संभल कर आगाज करने के बाद अपनी लय पा ली। मधु सिदर ने मैच के 13 वें मिनट में बढ़िया मैदानी गोल कर भारत का खाता खोला। भारत ने खाता खोलने के साथ अपनी लय पा ली। भारत की जूनियर महिला टीम ने इसके बाद दक्षिण कोरिया के गोल पर हमलों का तांता बाध दिया। सुप्रिया ने दूसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अचूक ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। सुखवीर कौर ने लंबे एरियल पास पर डी के भीतर चार मिनट बाद दक्षिण कोरिया की डी के भीतर गेंद संभाल कर अपना मैच का पहला गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। दक्षिण कोरिया की जूनियर महिला टीम ने जवाबी हमले बोले और भारत के गोल पर दबाव बनाया। भारत की रक्षापंक्ति ने मुस्तैदी से अपने किले की चौकसी की दक्षिण कोरिया की गोल करने की हसरत पूरी नहीं होने दी।
सुप्रिया ने तीसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। दक्षिण कोरिया की यूरी जियोंग ने अंतत: 41 वें सेट पीस पर गोल कर स्कोर 1-4 कर उसकी मैच में वापसी की उम्मीद जगाई ।भारत ने मजबूत बढ़त बनाने के बाद मजबूती से अपने किले की चौकसी कर मैच पर अपना शिकंजा और मजबूती से कस लिया। सुप्रिया ने खेल खत्म होने से चार मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर पर अचूक ड्रैग फ्लिक से मैच का अपना तीसरा गोल अपनी हैट्रिक पूरी कर भारत के 5-1से मैच जिता दिया।


