भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में मेडिकल ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। जिन योग्य उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे ITBP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जल्द से जल्द ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 282 मेडिकल ऑफिसर पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इन 282 पदों में सुपर मेडिकल ऑफिसर के 5 पद, स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के 162 पद और मेडिकल ऑफिसर के 115 पद शामिल हैं।
मेडिकल ऑफिसर पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास एमबीबीएस की डिग्री होना जरूरी है। साथ ही उम्मीदवार का किसी स्टेट मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत होना आवश्यक है।
आयु सीमा की बात करें तो सुपर मेडिकल ऑफिसर पद के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष, स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के लिए 40 वर्ष और मेडिकल ऑफिसर के लिए 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और मेडिकल एग्जामिनेशन टेस्ट (MET) के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को ITBP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेक्शन में जाकर ITBP Medical Officer Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करके आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। फॉर्म जमा करने के बाद उम्मीदवार को उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लेना चाहिए।


