नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 के अप्रैल सेशन (सेशन-II) की परीक्षा तिथियों में बदलाव कर दिया है। इस संबंध में आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है। साथ ही परीक्षा के लिए एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप भी जारी कर दी गई है।
एनटीए द्वारा जारी नए शेड्यूल के अनुसार, अब जेईई मेन अप्रैल सेशन की परीक्षाएं 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक आयोजित होंगी। पहले यह परीक्षा 9 अप्रैल तक चलने वाली थी, लेकिन अब एक दिन पहले ही समाप्त हो जाएगी। हालांकि इस बदलाव के पीछे की वजह एनटीए ने स्पष्ट नहीं की है।
परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक।
एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी
जिन उम्मीदवारों ने जेईई मेन 2026 के लिए आवेदन किया है, वे अब अपनी एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा।
ऐसे करें डाउनलोड
- आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
- “Advance City Intimation for JEE(Main) – 2026 [Session-II]” लिंक पर क्लिक करें।
- अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करें।
- लॉगिन करने के बाद स्लिप स्क्रीन पर दिखाई देगी।
एनटीए के अनुसार जेईई मेन 2026 अप्रैल सेशन का परिणाम 20 अप्रैल 2026 को जारी किया जाएगा।


