सऊदी अरब में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) की री-परीक्षा 21 जून 2026 को रियाद में भी आयोजित की जाएगी। भारतीय दूतावास द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा ऑफलाइन (पेन एवं पेपर) मोड में होगी और उम्मीदवारों को सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
रियाद में परीक्षा केंद्र इंटरनेशनल इंडियन स्कूल रियाद (IISR) के बॉयज सेक्शन को बनाया गया है, जो अल हसन इब्न अली स्ट्रीट, एग्जिट-24, रौदा क्षेत्र में स्थित है। रियाद और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले भारतीय छात्र इसी केंद्र पर परीक्षा देंगे।
परीक्षा स्थानीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होकर दोपहर 2:45 बजे समाप्त होगी। केंद्र का प्रवेश द्वार सुबह 8:30 बजे से खोला जाएगा, जबकि सुबह 11:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अधिकारियों ने उम्मीदवारों को सुबह 10:30 बजे से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि दस्तावेज सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी की जा सके।
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी, इसलिए परीक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करना जरूरी है। NEET UG 2026 री-परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को समय से पहले केंद्र पहुंचकर अपनी तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए।


