Trending News

 देश में कम हुई बेरोजगारी, अक्टूबर-दिसंबर की तिमाही में ग्रामीण क्षेत्र में 4.4% से घटकर 4% हुई बेरोजगारी दर, शहरी क्षेत्रों में 6.9% से घटकर 6.7% हुआ आंकड़ा, सांख्यिकी मंत्रालय ने जारी किए ताजा आंकड़े         भारत-EU FTA एक साल में लागू करने का लक्ष्य, जर्मनी में बोले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल- केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा FTA, दोनों पक्षों के बीच निवेश भी बढ़ेगा         वंदे मातरम को लेकर केंद्र सरकार का ऐतिहासिक निर्णय, सरकारी कार्यक्रमों में जन गण मन से पहले बजेगा वंदे मातरम, 3 मिनट 10 सेकेंड के राष्ट्रगीत के दौरान खड़े होना जरूरी, गाए जाएंगे वंदेमातरम के सभी 6 छंद         UPI से डायरेक्ट निकाल सकते हैं PF का पैसा, अप्रैल में लॉन्च होगा App, उमंग पोर्टल भी करता रहेगा काम         चंद्रमा से मिट्टी लेकर धरती पर लौटेगा भारत, इसरो ने चंद्रयान-4 के लिए तलाशी लैंडिंग साइट, चंद्रमा के साउथ पोल पर मॉन्स माउटन पहाड़ पर उतरेगा चंद्रयान-4, 2027 तक लॉन्च किए जाने की योजना       

भारत को उसके घर में रोकना नामीबिया के लिए बेहद मुश्किल

कप्तान सूर्यकुमार यादव की अविजित 84 रनों की पारी और मोहम्मद सिराज के तीन विकेटों से भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को 29 रनों से हराया था। नामीबिया नीदरलैंड्स से हार चुकी है। यह मैच भारत के लिए पाकिस्तान मुकाबले से पहले रंगत पाने का महत्वपूर्ण अवसर है, जहां टीम पिच की सपाट प्रकृति का फायदा उठाकर बड़े स्कोर और जीत की उम्मीद कर रही है।

Published: 17:51pm, 11 Feb 2026

  • पेट की गड़बड़ के चलते अभिषेक के खेलने को ले संशय
  • बड़ी पारियां खेलने की कोशिश करेंगे भारत के इशान, तिलक, शिवम व अक्षर

विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट में गड़बड़ के चलते खेलने को लेकर संशय के बावजूद मौजूदा चैंपियन भारत के लिए नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप में ग्रुप ए मैच के लिए अपने तुरुप के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का फिट होना अच्छी खबर है।

कप्तान सूर्य कुमार यादव की अविजित 84 रन की तूफानी पारी तथा बुखार के चलते जसप्रीत बुमराह के बाहर रहने पर आखिरी वक्त में एकादश में जगह पाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज द्वारा चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने अमेरिका पर 29 रन से जीत से आगाज किया था। वहीं नामीबिया इसी मैदान पर मंगलवार को अपने पहले मैच में नीदरलैंड से सात विकेट से हार गई थी। भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 197 रन बनाने के बाद अभ्यास मैच में नामीबिया को मात्र 67 रन पर ढेर कर 130 रन से जीत हासिल की थी। इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नामीबिया के लिए भारत को उसके घर में रोकना बेहद मुश्किल लगता है।

भारत के सहायक कोच रेयान टेन दोएशेट की मानें तो अभिषेक पेट की गड़बड़ी से तेजी से उबर रहे हैं और उनके फिट होकर नामीबिया के खिलाफ मैच में खेलने के लिए उपलब्ध होने की पूरी उम्मीद है। अभिषेक यदि बृहस्पतिवार के मैच के लिए उपलब्ध नहीं होते तो भी भारत के पास इशान किशन के साथ पारी का आगाज करने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन उपलब्ध रहेंगे। दोएशेट ने कहा, ‘हम अभिषेक शर्मा के फिट होने का इंतजार कर रहे हैं। यदि अभिषेक फिट नहीं हुए तो हमें अलग बल्लेबाजी संयोजन के साथ उतरना होगा।’

भारत ने पहले मैच में छह विकेट 77 रन पर खो दिए थे लेकिन कप्तान सूर्य की तूफानी पारी ने उसे 161 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया था। भारत की टी 20 क्रिकेट में नीति पहली ही गेंद से दे दनादन कर रन बनाने की है और यह इस टी 20 विश्व कप से पहले खासी कारगर भी रही है। भारत ने दे दनादन की कोशिश में जिस तरह शुरू में छह विकेट खो दिए उसके मद्देनजर उसे पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को कोलंबो में मैच से पहले अपनी इस रणनीति पर फिर से विचार करना पड़ सकता है।

भारत उम्मीद करेगा कि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बृहस्पतिवार को नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए फिट रहें। बाएं हाथ के इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और उपकप्तान अक्षर पटेल जैसे भारत के शीर्ष क्रम के पांचों बाएं हाथ के बल्लेबाज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच पर जूझने के बाद अब यहां बृहस्पतिवार को अरुण जेटली स्टेडियम की अपेक्षाकृत सपाट पिच पर बड़ी पारियां खेल पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को खेले जाने वाले अहम मैच से पहले पूरे रंग में आने की कोशिश करेंगे।

सच तो यह है कि नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार का यह मैच भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ अहम मैच से पहले रंगत पाने के लिए बेहद अहम होगा। घुटने की चोट के चलते बिना खेले ही तेज गेंदबाज हर्षित राणा के टी 20 विश्व कप से बाहर होने और जसप्रीत बुमराह के बुखार के चलते अमेरिका के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में नहीं खेलने के बाद तीन विकेट चटका कर अपनी उपयोगिता साबित करने वाले मोहम्मद सिराज को यदि भारत बृहस्पतिवार को अपनी एकादश में शामिल करता है तो फिर किसे एकादश से बाहर रखेगा?

बतौर स्पिनर तो मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ही खेलेंगे लेकिन बुमराह, अर्शदीप सिंह और सिराज जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति को एकादश में शामिल करने के लिए क्या भारत रिंकू सिंह को एकादश से बाहर रखेगा? भारत यदि दो ही तेज गेंदबाज के साथ उतरने का फैसला करता है तो फिर उसे सिराज या टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अपने सबसे कामयाब बाएं हाथ के अर्शदीप सिंह में से किसी एक को बाहर बैठाना पड़ेगा।

अमेरिका के तेज गेंदबाज शेल्डन वान शल्कवेक ने मुंबई में पहले मैच में अपने दूसरे ओवर में तीन विकेट चटका भारत के शीर्ष क्रम को बुरी तरह बिखेर दिया था। बावजूद इसके कप्तान सूर्य कुमार द्वारा तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर के आखिरी दो ओवर में बनाए 21-21 रन की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाने के बाद अमेरिका को 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन पर रोक जीत के साथ आगाज किया।

भारत को मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच पर अमेरिका के खिलाफ जीत के लिए कुछ संघर्ष करना पड़ा। सूर्य की अगुआई वाली हर लिहाज से संतुलित मौजूदा चैंपियन भारत को नामीबिया पर भी बृहस्पतिवार को जीत के साथ सुपर 8 में स्थान बनाने की पूरी उम्मीद है। दोनों टीमें अब तक टी 20 विश्व कप में इससे पहले केवल एक बार 2022 में दुबई में भिड़ी थीं, लेकिन तब रोहित शर्मा और केएल राहुल के अर्द्धशतकों से भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में नामीबिया को नौ विकेट से शिकस्त दी थी।

कप्तान सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह अब भी मौजूदा भारतीय टीम में हैं और इन तीनों की ही नामीबिया के खिलाफ मैच में भूमिका अहम रहने वाली है। नामीबिया की टीम बल्लेबाज ऑलराउंडर लॉफ्टी एटन और कप्तान गेरहार्ड इरासमस जैसे ऑलराउंडरों पर निर्भर है और यदि ये दोनों बल्लेबाजी और गेंदबाजी में नाकाम रहे तो फिर उसका पूरा संतुलन ही गड़बड़ा जाता है। ऐसे में भारत की कोशिश एटन, जॉन फ्रेलिंक और गेरहार्ड इरासमस को सस्ते में आउट कर पवेलियन लौटाने की होगी।

‘हमें दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक ढालना होगा’

‘मेरा मानना है कि हमने मैच में शुरू में अच्छा खेल दिखाया। पिच सुबह शुरू में गेंद कुछ रुक कर तेज आ रही थी। इसलिए एक पिच पर शुरू में 40 रन कम थे लेकिन इससे हमें खेल के आकलन में मदद मिली। हमने देखा कि खासतौर पर स्पिनरों की गेंद कुछ रुक कर आ रही थी। कुल मिलाकर पारी के मध्य तक हम अच्छा खेले। नीदरलैंड के खिलाफ हमने पूरी कोशिश की लेकिन हम पर्याप्त रन नहीं बना पाए। जहां तक भारत के खिलाफ बृहस्पतिवार के मैच की बात है तो हमें बिजली की दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक खुद को ढालना होगा। भारत के खिलाफ मैच में बहुत शोर होगा। हम इस माहौल का पूरा लुत्फ उठाना चाहेंगे। मेरा मानना है कि यदि आप खेल का लुत्फ उठाते हैं और सकारात्मक रहते हैं तो अच्छे नतीजे मिलते हैं।’ – गेरहार्ड इरासमस, नामीबिया के कप्तान

‘भारत के खिलाफ मैच में ध्यान अपने खेल पर’

‘नीदरलैंड के खिलाफ हम 20-30 रन कम रह गए। नीदरलैंड की टीम हमसे मैच में हर समय दस रन आगे रही। भारत के खिलाफ अगले मैच को लेकर रोमांचित हैं। भारत के खिलाफ खेलना मुश्किल है लेकिन हम अपना बेस्ट देंगे। भारतीय टीम की हौसलाअफजाई के लिए बड़ी तादाद में मैदान पर उसके प्रशंसक होंगे। भारत के खिलाफ मैच में हम अपने खेल पर ध्यान देंगे। हमारी कोशिश भारत के खिलाफ मैच में बढ़िया साझेदारी बनाने पर रहेगी।’ – क्रेग विलियम्स, नामीबिया के कोच

YuvaSahakar Desk