मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) की ओर से अस्पताल सहायक के 1200 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार 21 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के तहत की जा रही है।
भर्ती के तहत कुल 1200 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 324 पद, ईडब्ल्यूएस के लिए 120 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 192 पद, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 240 पद और ओबीसी वर्ग के लिए 324 पद आरक्षित किए गए हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। किसी अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता की आवश्यकता नहीं रखी गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि मध्य प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये तय किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के मूल निवासी एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये रखा गया है।
भर्ती परीक्षा में दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए स्क्राइब और अतिरिक्त समय की सुविधा भी दी जाएगी। जरूरतमंद उम्मीदवारों को परीक्षा अवधि के अनुसार अतिरिक्त समय मिलेगा और परीक्षा केंद्र पर ग्राउंड फ्लोर में कक्ष देने की कोशिश की जाएगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार भविष्य के लिए फॉर्म का प्रिंट आउट सुरक्षित रख सकते हैं।


