कर्नाटक स्थित सुको सौहार्द सहकारी बैंक ने बैंकिंग क्षेत्र में पेशेवर कौशल और उद्योग से जुड़ा अनुभव बढ़ाने के उद्देश्य किश्किंदा यूनिवर्सिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह समझौता गुरुवार को सुको बैंक के प्रबंध निदेशक जीएस रविशुदाकर और किश्किंदा यूनिवर्सिटी के कुलपति टीएन नागभूषण द्वारा हस्ताक्षरित किया गया।
इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष मोहित मस्की ने कहा कि यह सहयोग अकादमिक जगत और बैंकिंग उद्योग के बीच सार्थक ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। इससे छात्रों को वास्तविक बैंकिंग प्रक्रियाओं और उभरती तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।
समझौते के तहत बैंक विश्वविद्यालय के वाणिज्य और प्रबंधन विभाग के छात्रों के लिए अतिथि व्याख्यान, विशेषज्ञ प्रशिक्षण सत्र और इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके अलावा बैंकिंग अनुप्रयोगों पर केंद्रित एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उपयोग प्रयोगशाला भी स्थापित की जाएगी।
किश्किंदा यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर अमर राज भूपाल ने कहा कि यह समझौता कक्षा में होने वाली पढ़ाई और वास्तविक बैंकिंग अनुभव के बीच की दूरी को कम करेगा और छात्रों के लिए नए करियर अवसर पैदा करेगा।
दोनों संस्थान संयुक्त शोध, अकादमिक प्रकाशन और बैंक कर्मचारियों के लिए पेशेवर प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी मिलकर काम करेंगे।


