नई दिल्ली, 7 मई, 2026: ‘फिनिशर’ रिंकू सिंह के साथ मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण के रंग में लौटने से लगातार दो और कुल पांच हार के बाद लगातार तीन जीत हासिल करने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) अब दिल्ली कैपिटल्स को भी यहाँ अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार को हराकर उसे पीछे छोड़ते हुए आईपीएल 2026 में जीत के ‘चौके’ के साथ-साथ प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स दस मैचों में चार जीत और छह हार के साथ आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
केकेआर नौ मैचों में, पंजाब किंग्स के खिलाफ कोलकाता में मैच बेनतीजा अधूरा समाप्त होने और पांच हार व तीन जीत के साथ सात अंक लेकर आठवें स्थान पर है। केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स से पिछले पांच में से लगातार तीन मैच जीते हैं और दो हारे हैं। केकेआर शुक्रवार को भी दिल्ली पर जीत के साथ मेजबान टीम के खिलाफ अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश करेगी।
केकेआर ने पिछले तीन मैचों में जिस तरह राजस्थान रॉयल्स को दो गेंदें शेष रहते कोलकाता में चार विकेट से, लखनऊ सुपर जायंट्स को लखनऊ में सुपर ओवर में और सनराइजर्स हैदराबाद को हैदराबाद में सात विकेट से हराया, उससे उसके हौसले अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उसके घर में खेले जाने वाले मैच को लेकर बुलंद हैं। केकेआर की खुशकिस्मती है कि शुरू के नौ मैचों में उसके उपकप्तान रिंकू सिंह (238 रन) ने सही समय पर लय पाकर पिछले तीन में से दो मैचों में लगातार दो अर्धशतक जड़ उसे लगातार तीन जीत दिलाने में अहम रोल अदा किया। दिल्ली को जीतना है तो रिंकू सिंह को खामोश रखना होगा।
तुरुप के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के मौजूदा सीजन में आठ मैचों के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम से जुड़कर जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तीन विकेट चटकाकर बड़े स्कोर वाले मैच में सात विकेट से जीत दिलाने से उसकी गेंदबाजी को जरूरी धार मिली है। दिल्ली कैपिटल्स को फिर जीत की राह पर लौटकर खुद को प्लेऑफ की होड़ में बनाए रखना है तो उसे अब अपने बाकी चारों मैच जीतने होंगे, अन्यथा वह ‘अगर-मगर’ में फंस सकती है।
दिल्ली को यदि अब अपने बाकी चारों मैच जीतने हैं तो फिर उसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी इकाई के रूप में दमदार प्रदर्शन की जरूरत है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए भले ही केएल राहुल (445 रन) ने अब तक शुरू के दस मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतकों सहित सबसे अधिक रन बनाए हैं, लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार पथुम निसंका (9 मैच, 228 रन) का मात्र एक अर्धशतक जड़ना यह दिखाता है कि बतौर सलामी जोड़ी ये दोनों पहले बल्लेबाजी पावरप्ले का वैसा लाभ नहीं उठा पाए, जैसी कि जरूरत है।
दो-दो अर्धशतक जड़ने वाले ट्रिस्टन स्टब्स (257 रन), समीर रिजवी (249 रन) व नीतीश राणा (8 मैच, 217 रन) ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए बीच के ओवरों में रन जरूर बनाए हैं, लेकिन जिस रफ्तार से रन बनाने की जरूरत थी, उससे कदमताल करने से जरूर चूक रहे हैं। कप्तान अक्षर पटेल (10 मैच, 33 रन), डेविड मिलर (8 मैच, 123 रन), आशुतोष शर्मा (4 मैच, 72 रन), अभिषेक पोरेल (1 मैच, 33 रन) और करुण नायर (2 मैच, 18 रन) का रनों के लिए जूझना दिल्ली कैपिटल्स को अखर रहा है। दिल्ली की बदकिस्मती यह रही है कि समीर रिजवी लगातार दो अर्धशतक जड़ उसे शुरू के दो मैच जिताने के बाद राह भटक गए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के शीर्ष क्रम में केएल राहुल, नीतीश राणा, निसंका को केकेआर के लिए शुरू के नौ मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले नौजवान तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (11 विकेट), वैभव अरोड़ा (10 विकेट) से चौकस रहना होगा। दिल्ली के मध्य और निचले क्रम में समीर रिजवी और स्टब्स को केकेआर के तुरुप के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (7 मैच, 10 विकेट), सुनील नारायण (8 मैच, 9 विकेट) व अनुकूल रॉय (9 विकेट) के खिलाफ जोश के साथ होश भी दिखाना होगा।
केकेआर की दिक्कत यह है कि उसके लिए मौजूदा संस्करण में अब तक तीन अर्धशतक जड़ने वाले अंगकृष रघुवंशी (268 रन), एक-एक अर्धशतक जड़ने वाले कप्तान अजिंक्य रहाणे (205 रन), कैमरून ग्रीन (199 रन), पॉवेल (7 मैच, 121 रन), फिन एलन (6 मैच, 110 रन), रमनदीप सिंह (8 मैच, 62 रन) बल्ले से टुकड़ों-टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं।
मिचेल स्टार्क (2 मैच, 3 विकेट) के शुरू के आठ मैचों के बाद दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से उसकी खासतौर पर तेज गेंदबाजी को खासा संतुलन मिला है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तान बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल (9 विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं, लेकिन बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव (7 विकेट), विपराज निगम (4 मैच, 2 विकेट), काइल जैमिसन (2 मैच, 2 विकेट) का विकेट के लिए जूझना दिल्ली कैपिटल्स को खासा अखर रहा है। मेहमान केकेआर टीम पर शुक्रवार को जीत दर्ज करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स के तुरुप के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क, चोट के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी (8 मैच, 8 विकेट), तेज गेंदबाज टी नटराजन (5 विकेट), मुकेश कुमार (7 मैच, 5 विकेट) को शुरू तथा आखिर के ओवर में गेंद से रफ्तार के साथ धार दिखाकर विकेट भी चटकाने होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और एंगिडी ने यदि पहले बल्लेबाजी पावरप्ले में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे, फिन एलन और रघुवंशी को सस्ते में आउट कर दिया, फिर उसके लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना या फिर बड़े स्कोर को बचाना खासा मुश्किल होगा। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को पिछले तीन मैचों में अपने दम पर केकेआर को जिता रहे रिंकू सिंह व कैमरून ग्रीन को सस्ते में पवेलियन लौटाना होगा।
हमने 10-15 रन कम बनाए: अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘हमने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में यहीं अरुण जेटली स्टेडियम में 10-15 रन कम बनाए। बाद में पिच खासतौर पर जमे हुए बल्लेबाजों के लिए बेहतर हो गई। नए बल्लेबाज के लिए क्रीज पर उतरते ही बल्ला भांजना मुमकिन नहीं था। चेन्नई सुपर किंग्स के क्रीज पर जमे हुए बल्लेबाज हमसे मैच छीन ले गए।‘
उम्मीद वरुण हमारे लिए ऐसी बढ़िया गेंदबाजी जारी रखेंगे: रहाणे
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘हैदराबाद की पिच बल्लेबाजी के लिए बढ़िया थी। मेरा मानना था सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के लिए 190-200 का पीछा करना खासा मुश्किल होता। इस जीत का श्रेय बराबर विकेट लेने वाले हमारे गेंदबाजों को जाता है। हमारी गेंदबाजी वाकई बढ़िया गेंदबाजी कर रही है और इसका श्रेय हमारे गेंदबाजों और कोचों को है। अहम है कि रणनीति बनाकर उसे अमली जामा पहनाना। सबसे अहम है कि आपकी जेहनी तौर पर सोच एकदम स्पष्ट होनी चाहिए। हमारे लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत खासी अहम है। हम भले ही अब तक अपने पांच मैच हार गए, लेकिन बावजूद इसके हमने संयम बनाए रखा। मैं अपने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की बतौर गेंदबाज शानदार वापसी पर खुश हूँ। वरुण ने वाकई गजब की वापसी की और कड़ी मेहनत के साथ गजब का जज्बा भी दिखाया। वरुण चक्रवर्ती हमारे लिए मुश्किल स्थिति में गेंदबाजी कर रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूँ कि वरुण हमारे लिए ऐसा ही बढ़िया प्रदर्शन जारी रखेंगे।’
शुक्रवार का मैच: दिल्ली कैपिटल्स बनाम केकेआर (शाम साढ़े 7 बजे से, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली)।


