झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की कम्पार्टमेंट परीक्षा 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। वार्षिक बोर्ड परीक्षा में एक या अधिक विषयों में असफल रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा अपने परिणाम में सुधार करने और शैक्षणिक वर्ष बचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कम्पार्टमेंट परीक्षाएं 7 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक ऑफलाइन (पेन-पेपर) मोड में आयोजित की जाएंगी। विस्तृत विषयवार टाइम टेबल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कक्षा 10 कम्पार्टमेंट परीक्षा का कार्यक्रम
कक्षा 10 की कम्पार्टमेंट परीक्षा 7 अगस्त से शुरू होगी। पहले दिन पहली पाली में कॉमर्स और होम साइंस की परीक्षा होगी, जबकि आईटी एवं व्यावसायिक विषयों की परीक्षा निर्धारित समय में आयोजित की जाएगी। दूसरी पाली में उर्दू विषय की परीक्षा होगी। 8 अगस्त को पहली पाली में हिंदी (कोर्स ए एवं बी) तथा दूसरी पाली में विज्ञान की परीक्षा होगी। 10 अगस्त को पहली पाली में संस्कृत और दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा। 11 अगस्त को पहली पाली में गणित तथा दूसरी पाली में फारसी, उरांव (कुड़ुख), मुंडारी, हो, पंचपरगनिया, संथाली, खोरठा, नागपुरी, बंगला और अरबी विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 12 अगस्त को पहली पाली में अंग्रेजी तथा दूसरी पाली में संगीत विषय की परीक्षा होगी।
कक्षा 12 कम्पार्टमेंट परीक्षा का कार्यक्रम
कक्षा 12 की कम्पार्टमेंट परीक्षा भी 7 अगस्त से शुरू होगी। पहले दिन पहली पाली में समाजशास्त्र और दूसरी पाली में मनोविज्ञान की परीक्षा आयोजित होगी। 8 अगस्त को पहली पाली में भूविज्ञान और इतिहास, जबकि दूसरी पाली में अंग्रेजी कोर ए, हिंदी कोर ए, हिंदी कोर बी और मातृभाषा की परीक्षा होगी। 10 अगस्त को पहली पाली में राजनीति विज्ञान और उद्यमिता तथा दूसरी पाली में रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान और बिजनेस स्टडीज की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 11 अगस्त को पहली पाली में अर्थशास्त्र और दूसरी पाली में गणित एवं सांख्यिकी का पेपर होगा। 12 अगस्त को पहली पाली में कंप्यूटर साइंस और भूगोल, जबकि दूसरी पाली में जीवविज्ञान, मानवशास्त्र और बिजनेस मैथमेटिक्स की परीक्षा होगी। 13 अगस्त को पहली पाली में भौतिकी, दर्शनशास्त्र और लेखा विषय की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में कला संकाय की वैकल्पिक भाषा तथा विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की अतिरिक्त भाषा की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 14 अगस्त को पहली पाली में व्यावसायिक विषय तथा दूसरी पाली में संगीत की परीक्षा के साथ कम्पार्टमेंट परीक्षाएं समाप्त होंगी।
ऐसे डाउनलोड करें डेटशीट
विद्यार्थी JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर होमपेज के लेटेस्ट नोटिफिकेशन सेक्शन में उपलब्ध कम्पार्टमेंट परीक्षा टाइम टेबल लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद डेटशीट की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर
झारखंड बोर्ड की कम्पार्टमेंट परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो वार्षिक बोर्ड परीक्षा में एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो सके थे। इस परीक्षा के माध्यम से छात्र अपने अंक सुधार सकते हैं और बिना एक शैक्षणिक वर्ष गंवाए अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकते हैं।


