नई दिल्ली, 8 अप्रैल, 2026: भरोसेमंद मिडफील्डर सलीमा टेटे की अगुआई में अर्जेंटीना में उसके खिलाफ 13 से 17 अप्रैल, 2026 तक ब्यूनस आयर्स में खेली जाने वाली चार मैचों की हॉकी सीरीज के लिए भारत की 24 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की बुधवार को घोषणा कर दी गई। बड़े जिगरे से खेलने वाली चतुर और शांत सलीमा टेटे भारत की मध्यपंक्ति और आक्रमण के बीच एक मजबूत और अहम कड़ी है। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने इस अर्जेंटीना दौरे पर मेजबान अर्जेंटीना के खिलाफ 13, 14, 16 और 17 अप्रैल को चार मैच खेलेगी और ये सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेले जाएंगे।
भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए दुनिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों में से एक अर्जेंटीना के खिलाफ उसके घर में यह चार मैचों की सीरीज इस साल अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए बेहद अहम है। अर्जेंटीना दौरे के लिए चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में भारत की अनुभवी और नौजवान खिलाड़ियों की एक मिली-जुली मजबूत टीम चुनी गई है। कोच मराइन ने स्ट्राइकर-ड्रैग फ्लिकर दीपिका की फिट होने के बाद महिला हॉकी टीम में बहुप्रतीक्षित वापसी का स्वागत किया है।

चोट के चलते लंबे समय तक बाहर रहने के बाद इससे उबरकर स्ट्राइकर-ऑलराउंडर दीपिका और ‘आराम’ दिए जाने के बाद अनुभवी गोलरक्षक सविता ने बीते महीने तेलंगाना में हुए अहम एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर्स से बाहर रहने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम में वापसी की है। दीपिका के चोट के चलते टीम से बाहर रहते भारत ने बतौर स्ट्राइकर तो उनकी कमी महसूस की ही, सबसे ज्यादा बतौर ड्रैग फ्लिकर उनकी कमी सबसे ज्यादा शिद्दत से महसूस की।
दीपिका की गैरमौजूदगी में भारत ने बतौर ड्रैग फ्लिकर मनीषा चौहान, उदिता, अनु और नवनीत कौर को आजमाया और कुछ हद तक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की पुरजोर कोशिश की। बावजूद इसके भारत को बतौर ड्रैग फ्लिकर दीपिका की कमी बेहद अखरी। दीपिका की गैरमौजूदगी में अनु ने खासतौर पर एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर्स में बतौर ड्रैग फ्लिकर सबसे ज्यादा प्रभावित किया। दीपिका की वापसी से भारतीय महिला हॉकी टीम और संतुलित और दमदार दिखाई दे रही है।

अर्जेंटीना दौरे के लिए चुनी गई भारतीय महिला हॉकी टीम की बाबत चीफ कोच शुएर्ड मराइन ने कहा, ‘हमारे लिए यह अर्जेंटीना दौरा कई और खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव दिलाने के साथ उन्हें अर्जेंटीना जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ परखने का मौका है। हमारे लिए टीम के भीतर ही उसकी ताकत बढ़ा उसे मजबूत बनाना खासा अहम है। अर्जेंटीना का यह दौरा हमारी नौजवान खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर हॉकी की जरूरतों को समझने के साथ अलग-अलग संयोजनों को आजमाने का मौका है।’ भारतीय महिला हॉकी टीम का यह अर्जेंटीना दौरा महज तैयारी ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए खुद अपनी छाप छोड़कर 2026 के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने का भी मौका है।’
सबसे अनुभवी गोलरक्षक सविता की वापसी से भारत की रक्षापंक्ति और मजबूत होगी। सविता के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर्स के लिए उपलब्ध नहीं होने पर बिच्छू देवी खरीबम ने बड़े जिगरे और जीवट से यह दिखाया कि वह भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम में स्थान पाने की मजबूत दावेदार हैं। बिच्छू देवी की मौजूदगी में अनुभवी सविता को बतौर गोलरक्षक बराबर कड़ी चुनौती मिलेगी और भारतीय टीम में गोलरक्षकों में एक स्वस्थ प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी।
भारत के लिए बतौर स्ट्राइकर नवनीत कौर ने बीते बरस शानदार प्रदर्शन किया है और इस साल होने वाले महिला हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारियों के लिहाज से उनकी भूमिका खासी अहम रहने वाली है। फुलबैक ज्योति और स्ट्राइकर मुमताज ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर्स के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम में वापसी की है।
बतौर उदीयमान स्ट्राइकर बलजीत कौर ने अपनी रफ्तार के साथ धार और बतौर मिडफील्डर वैष्णवी विट्ठल फाल्के ने बीते बरस भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए खासा प्रभावी प्रदर्शन किया है। वहीं ऋतुजा डडासो पिसल, इशिका और साक्षी राणा भारतीय महिला हॉकी की तीन बेहतरीन महिला हॉकी प्रतिभाओं के रूप में उभरी हैं। इन तीनों ने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने के बाद बेहतर करने की भूख, विश्वास और तकनीकी क्षमता दिखाई है।
ऋतुजा, इशिका और साक्षी मजबूत अर्जेंटीना टीम के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर कामयाबी की नई कहानी लिख सकती हैं। इन तीनों सहित भारत की सभी नौजवान खिलाड़ियों के लिए इस अर्जेंटीना दौरे पर हर मैच भविष्य में भारतीय हॉकी टीम में अपना स्थान पक्का करने का मौका होगा।
अर्जेंटीना दौरे के लिए भारत की 24 सदस्यीय महिला हॉकी टीम:
- गोलरक्षक: सविता, बिच्छू देवी खरीबम
- रक्षापंक्ति: निकी प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, मनीषा चौहान, ललथांतलुआंगी, ज्योति, उदिता
- मध्यपंक्ति: वैष्णवी विट्ठल फाल्के, साक्षी राणा, सुनीलिता टोपो, सलीमा टेटे, नेहा, दीपिका सोरेंग, ऋतुजा डडासो पिसल, इशिका
- अग्रिम पंक्ति: बलजीत कौर, नवनीत कौर, दीपिका, अनु, ब्यूटी डुंगडुंग, ललरेमिसयामी, मुमताज खान


