Trending News

 अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, 50 की जगह अब 18% लगेगा टैरिफ, PM मोदी-ट्रंप की बातचीत के बाद बड़ा ऐलान         5 फरवरी दिल्ली में केंद्रीय गृह एंव सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे "भारत टैक्सी" का भव्य शुभारंभ         केंद्रीय गृह एंव सहकारिता मंत्री ने टैरिफ घटने पर कहा- भारत–अमेरिका व्यापार को बड़ी मजबूती, #MadeInIndia उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18%, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व से दोनों देशों के लोगों को लाभ, रणनीतिक साझेदारी को नई गति         पीयूष गोयल ने भारत–अमेरिका व्यापार समझौते का किया स्वागत, मोदी–ट्रंप को दी बधाई, कहा- विकसित भारत 2047 की ओर ऐतिहासिक कदम         Finance Minister निर्मला सीतारमण ने MadeInIndia उत्पादों के लिए जताई खुशखबरी , पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के नेतृत्व का जताया आभार          दिल्ली-एनसीआर में छाई कोहरे की चादर, विजिबिलिटी 100 मीटर तक गिरी         बजट 2026: वित्त मंत्री ने पेश किया विकसित भारत के लक्ष्य का बजट, बायोफार्मा के लिए 10 हजार करोड़ रुपए, भारत का हेल्थकेयर डिजिटल इकोसिस्टम मजबूत होगा         बजट 2026: आज से शराब और सिगरेट हुई महंगी, बीड़ी हुई सस्ती, कपड़े, लेदर आइटम, सिंथेटिक फुटवियर, चमड़े के उत्पाद, कैंसर-शुगर की 17 दवाएं ड्यूटी फ्री, मोबाइल बैटरियां होंगी सस्ती         बजट 2026: नया इनकम टैक्स कानून अप्रैल 2026 से होगा लागू, आय की गलत जानकारी देने पर सख्त जुर्माना, टैक्स की रकम के बराबर यानी 100 फीसदी तक का पेनल्टी की घोषणा         बजट 2026: तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की होगी स्थापना, 5 क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्रों की भी होगी स्थापना         बजट 2026: देशभर में खोले जाएंगे 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप, देश के प्रत्येक जिले में खोले जाएंगे गर्ल्स हॉस्टल, टियर 2 और टियर 3 के शहरों में लघु एवं मध्यम उद्यमों की सहायता के लिए 'कॉर्पोरेट मित्रों' का कैडर होगा विकसित         बजट 2026: किसानों के लिए बहु भाषीय AI टूल, ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यम के लिए SHE-मार्टस की घोषणा, 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों का एकीकृत विकास, 1 करोड़ किसानों समेत 3 करोड़ लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए कोकोनट प्रोत्साहन योजना          बजट 2026: 40 हजार करोड़ रुपये से Semiconductor Mission 2.0 होगा लॉन्च, इक्विपमेंट और मटीरियल्स का उत्पादन, फुल-स्टैक इंडियन IP का विकास, और सप्लाई चेन को मजबूत किया जाएगा         बजट 2026: देश में बनाए जाएंगे 7 नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर, मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई, हैदराबाद-बेंगलुरु, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी, वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनेंगे, अगले 5 वर्षों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग होंगे शुरू         बजट 2026: MSME के लिए 10,000 करोड़ रुपये की SME विकास निधि का प्रस्ताव, आत्मनिर्भर भारत निधि में 2,000 करोड़ रुपये का टॉप-अप, 200 विरासत औद्योगिक क्लस्टर किए जाएंगे पुनर्जीवित         बजट 2026: रेशम, ऊन और जूट के लिए राष्ट्रीय फाइबर योजना, पारंपरिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण के लिए वस्त्र विस्तार एवं रोजगार योजना, बुनकरों और कारीगरों के लिए राष्ट्रीय हथकरघा और हस्तशिल्प कार्यक्रम       

पाकिस्तान को रौंद अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत

भारत अंडर 19 ने कनिष्क चौहान के ऑलराउंड प्रदर्शन, वेदांत त्रिवेदी के अर्द्धशतक और स्पिनरों की धारदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान अंडर 19 को 58 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और आईसीसी अंडर 19 विश्व कप में सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

Published: 10:06am, 02 Feb 2026

मैन ऑफ द मैच ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान (35 रन, 29 गेंद, एक छक्का, चार चौके व 1/30, एक कैच) के दमदार खेल, वेदांत त्रिवेदी के अर्धशतक व कप्तान ऑफ स्पिनर आयुष म्हात्रे द्वारा चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बुलवायो में आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में सुपर 6 के अपने दूसरे मैच में रविवार रात 58 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत के साथ शान से सेमीफाइनल में स्थान बना लिया।

इससे पहले विस्फोटक वैभव सूर्यवंशी (30 रन, 22 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) ने अपने सलामी जोड़ीदार एरोन जॉर्ज के साथ मिलकर कुछ संभल कर आगाज करने के बाद अचानक आठवें ओवर में धैर्य खो दिया। उन्होंने पाकिस्तान अंडर 19 के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सैयाम की शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का महीन किनारा लेकर विकेटकीपर हम्जा जहूर के दस्तानों में चली गई। भारत अंडर 19 ने पहला विकेट 47 रन पर खो दिया और इसी स्कोर पर ओवर की आखिरी मिडल और लेग स्टंप पर पड़ी गेंद पर कप्तान आयुष म्हात्रे (0 रन, 2 गेंद) ने बल्ला चलाया और विकेटकीपर जहूर को कैच थमा दिया।

अगले ओवर में अब्दुल सुभान की पहली ही गेंद मिडल स्टंप पर पड़कर भीतर आई और जॉर्ज एरोन (16 रन, 25 गेंद, एक चौका) के मिडल स्टंप की गिल्ली उड़ाकर ले गई। भारत अंडर 19 अचानक चार गेंद के भीतर तीन विकेट 47 रन पर गंवाकर गहरे संकट में फंस गई। शुरू के चार मैच में नाकाम रहे वेदांत त्रिवेदी ने संभल कर आगाज किया और पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक जड़ने वाले उपकप्तान विहान मल्होत्रा (21 रन, 43 गेंद, एक चौका) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। 24वें ओवर में विहान ने लेग स्पिनर अहमद हुसैन की तेज गेंद को टर्न के लिए खेलने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच दे दिया और भारत अंडर 19 ने चौथा विकेट 109 रन पर खो दिया।

वेदांत त्रिवेदी दूसरे छोर से विकेट गिरने के बाद अपना छोर संभाले डटे रहे। वेदांत ने पारी के 30वें और मोहम्मद सैयाम के सातवें ओवर की आखिरी गेंद को डीप थर्डमैन पर खेलकर एक रन दौड़कर 74 गेंद में एक छक्के और दो चौकों की मदद से अपना मौजूदा संस्करण का पहला अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा संस्करण में भारत अंडर 19 के सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू (16 रन, 27 गेंद, एक चौका) ने ऑफ स्पिनर अली हसन बलोच की गेंद को उड़ाने की कोशिश में सुभान को लॉन्ग ऑन पर कैच थमा दिया और भारत ने पांचवां विकेट 146 पर खो दिया।

इसके बाद वेदांत त्रिवेदी (68 रन, 98 गेंद, एक छक्का, दो चौके) लेग स्पिनर मोमिन कमर की फुलटॉस को उड़ाने की कोशिश में मिडविकेट पर फरहान यूसुफ को कैच थमा बैठे। आर एस अंबरीश (29 रन, 38 गेंद, दो चौके) ने पारी के 44वें ओवर में तेज गेंदबाज अली रजा की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर जहूर को कैच थमा दिया। अंत में ऑलराउंडर कनिष्क चौहान (35 रन, 29 गेंद, एक छक्का, चार चौके) और खिलन पटेल (21 रन, 15 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने आठवें विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। भारत ने 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद सैयाम (2/69) और अब्दुल सुभान (3/33) प्रमुख गेंदबाज रहे।

जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। भारत अंडर 19 के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने सबसे कामयाब बल्लेबाज समीर मिनहास (9 रन) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। तेज गेंदबाज आर एस अंबरीश के तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज हम्जा जहूर का कैच विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने छोड़ दिया था। हालांकि, बाद में भारतीय स्पिनरों ने शिकंजा कस लिया।

बीच के ओवरों में ऑफ स्पिनर कनिष्क चौहान ने बेहतरीन गेंदबाजी कर सलामी बल्लेबाज हम्जा जहूर (42 रन, 49 गेंद, आठ चौके) को पारी के 17वें ओवर में आउट किया। उस्मान खान (66 रन, 92 गेंद, सात चौके) और कप्तान फरहान यूसुफ (38 रन, 39 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने संघर्ष किया, लेकिन वे जीत के लिए काफी नहीं थे। फरहान यूसुफ को आर एस अंबरीश ने धीमी गेंद पर लॉन्ग ऑन पर खिलन पटेल के हाथों कैच कराया।

इसके बाद कप्तान ऑफ स्पिनर आयुष म्हात्रे (3/21), बाएं हाथ के स्पिनर खिलन पटेल (3/35), कनिष्क चौहान (1/30) व उपकप्तान विहान मल्होत्रा (1/15) की स्पिन चौकड़ी ने जाल बुनकर आपस में आठ विकेट बांटे। म्हात्रे ने उस्मान खान को एलबीडब्ल्यू, अहमद हुसैन (2) को कुंडू के हाथों व मोमिन कमर (0) को विहान के हाथों कैच कराया। खिलन पटेल ने अब्दुल सुभान, मोहम्मद सैयाम और हुजाइफा अहसान को बोल्ड कर पाकिस्तान अंडर 19 की पारी 46.2 ओवर में 194 रन पर समेट दी।

पाकिस्तान अंडर 19 को सेमीफाइनल में स्थान पाने के लिए 33.3 ओवर में 253 रन बनाने थे, लेकिन वह इतने ओवरों में चार विकेट पर 166 रन ही बना पाया और होड़ से बाहर हो गया। इससे ही भारत का सेमीफाइनल में स्थान पक्का हो गया था। भारत अंडर 19 ने चार जीत, कुल आठ अंक और 2.585 की सर्वश्रेष्ठ नेट रन रेट के चलते समान अंक पाने वाली इंग्लैंड अंडर 19 (नेट रन रेट 1.757) को पीछे छोड़ सुपर 6 में ग्रुप 2 में शीर्ष स्थान पाया।

भारत अंडर 19 अब सेमीफाइनल में हरारे में 4 फरवरी को अफगानिस्तान अंडर 19 से भिड़ेगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 पहले सेमीफाइनल में 3 फरवरी को बुलवायो में इंग्लैंड अंडर 19 से भिड़ेगा।

YuvaSahakar Desk