Trending News

मिशन गगनयान की ओर ISRO का एक और बड़ा कदम, श्रीहरिकोटा में दूसरे इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट का सफल परीक्षण, 2027 में लॉन्च किया जाएगा गगनयान राज्यसभा के मनोनीत सांसद बने हरिवंश नारायण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया नॉमिनेट, आज राज्यसभा में नीतीश कुमार का शपथग्रहण असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91% वोटिंग, पुडुचेरी में करीब 90% मतदान, केरलम में 78.27% लोगों ने डाला वोट महिला आरक्षण संशोधन ड्राफ्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, 2029 लोकसभा चुनाव से होगा लागू, 816 हो जाएंगी लोकसभा सीटों की संख्या, 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित, PM मोदी बोले- यह भारत की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों की झलक मिशन गगनयान की ओर ISRO का एक और बड़ा कदम, श्रीहरिकोटा में दूसरे इंटीग्रेटेड एयर ड्रॉप टेस्ट का सफल परीक्षण, 2027 में लॉन्च किया जाएगा गगनयान राज्यसभा के मनोनीत सांसद बने हरिवंश नारायण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया नॉमिनेट, आज राज्यसभा में नीतीश कुमार का शपथग्रहण असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91% वोटिंग, पुडुचेरी में करीब 90% मतदान, केरलम में 78.27% लोगों ने डाला वोट महिला आरक्षण संशोधन ड्राफ्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, 2029 लोकसभा चुनाव से होगा लागू, 816 हो जाएंगी लोकसभा सीटों की संख्या, 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित, PM मोदी बोले- यह भारत की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों की झलक

भारत की निगाहें नीदरलैंड को भी हरा जीत के ‘चौके’ के साथ सुपर आठ में उतरने पर

अब तक मौजूदा संस्करण में दो मैच खेलकर अपना खाता खोलने में नाकाम रहे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच सुपर 8 से पहले टीम इंडिया के पूर्व चीफ कोच रवि शास्त्री के सुझाव के मुताबिक क्रीज पर कुछ वक्त बिताकर बड़ी पारी खेल अपनी रंगत पाने का मौका है।

Published: 17:18pm, 17 Feb 2026

कप्तान सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में विजयरथ पर सवार मौजूदा चैंपियन भारत की निगाहें अब नीदरलैंड को भी अहमदाबाद में बुधवार को हराकर जीत के ‘चौके’ के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर रहकर आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप के सुपर आठ में उतरने पर लगी हैं। विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज जैसे धुरंधर इशान किशन की 77 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत के हौसले कोलंबो की स्पिन की मददगार पिच पर पाकिस्तान को 61 रन से पस्त कर सुपर आठ में स्थान पक्का करने से बुलंद हैं।

बेशक टी 20 क्रिकेट में किसी दिन कुछ भी मुमकिन है लेकिन पूरे रंग में चल रहे भारत को रोकना नीदरलैंड के लिए बेहद मुश्किल लगता है। भारत ने बेशक ग्रुप ए में अपने तीनों मैच आसानी से जीते लेकिन वह अपनी शुरू से आखिर तक दे-दनादन की पसंदीदा शैली से बल्लेबाजी नहीं कर पाया है। भारत टॉस जीतता है तो उसकी कोशिश पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी। भारत के पास अब सुपर आठ से पहले अपने सभी तीरों को आजमाने का मौका है।

भारत का प्रदर्शन मैच दर मैच बेहतर ही हुआ है और चौथे और आखिरी ग्रुप मैच से पहले तीनों मैच जीत टीम पूरे रंग में आ चुकी है। बेशक ग्रुप ए में सबसे ज्यादा शोर भारत के पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर था और इसमें वह चिर प्रतिद्वंद्वी के हाथों हार तो कतई गवारा नहीं कर सकता था। मौजूदा सियासी माहौल में जीत का प्रबल दावेदार भारत यदि कहीं पाकिस्तान से यह मैच हार जाता तो देश में तूफान मच जाता। भारत आसानी से यह मैच जीता और सारा गुस्सा पाकिस्तान टीम की हार पर उसके देश में फूटा। भारत ने पाकिस्तान पर जीत से खिताब बरकरार रखने का दावा और मजबूत किया है।

भारत आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में अब तक लगातार 16 मैच जीत चुका है और उसे आखिरी हार इसी अहमदाबाद के मैदान पर 2023 में वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली थी। भारत ने नीदरलैंड से अब तक चारों अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं। अहमदाबाद की पिच पर बहुत रन बनते हैं। भारत शुरू के तीनों मैच में पहले बल्लेबाजी करने के बावजूद दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ 209 रन बनाने को छोड़कर 200 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया।

भारत के पास अहमदाबाद में रात में वाकई बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका होगा। अहमदाबाद में खेले गए पांच में चार मैचों में 210 से ज्यादा रन बने हैं। वहीं बहुत करीब से पाकिस्तान को हराने से चूकने वाली और नामीबिया से मैच जीतने वाली नीदरलैंड की टीम भारत के खिलाफ बुधवार के मैच में यह साबित करने की कोशिश करेगी कि वह कमजोर टीम नहीं है।

भारत को नीदरलैंड के भारतीय मूल के नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त और ऑलराउंडर बास डी लीड से चौकस रहना होगा। आर्यन ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में सैम अयूब को आउट किया था। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त के बीच बुधवार को रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। शुरू के दो मैचों में खाता खोले बिना आउट होने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बुधवार को आर्यन के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर खुद सुपर आठ से पहले रंगत पाना चाहेंगे।

पाकिस्तान के कप्तान ऑफ स्पिनर सलमान आगा ने जिस तरह कोलंबो में अभिषेक को तीन गेंदों में बांधकर रखा और चौथी पर बोल्ड कर दिया, उससे नीदरलैंड के आर्यन के हौसले बुलंद होंगे। बास डी लीड की 70 रन की तेज पारी की बदौलत ही नीदरलैंड ने मौजूदा संस्करण में इकलौती जीत नामीबिया के खिलाफ सात विकेट से हासिल की, जबकि उसे पहले मैच में तीन गेंद के बाकी रहते पाकिस्तान से तीन विकेट और अमेरिका से 93 रन से हार झेलनी पड़ी थी।

भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मैच के ‘बहिष्कार’ के बाद खेलने के लिए राजी होने पर टी 20 विश्व कप में उसके खिलाफ नौ में आठवां मैच जीता। कप्तान सूर्य कुमार ने बीते बरस दुबई में भारत की पाकिस्तान पर टी 20 एशिया कप फाइनल में जीत के बाद ठीक कहा था कि अब दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता की बात बंद कर देनी चाहिए।

भारत की रविवार को जीत से पहले पाकिस्तान ने अपने संदिग्ध एक्शन वाले उस्मान तारिक, सैम अयूब और सलमान आगा की ऑफ स्पिन त्रिमूर्ति का हौवा खड़ा करने की जो कोशिश की थी, उसे इशान किशन और कप्तान सूर्य कुमार ने उन पर शुरू से प्रहार कर बनाए दबाव के गुब्बारे को उड़ने से पहले ही फोड़ दिया था।

दोनों देश इससे पहले केवल एक बार 2022 के टी 20 विश्व कप में आमने-सामने हुए थे। तब मौजूदा कप्तान सूर्य कुमार यादव, रोहित शर्मा और विराट कोहली के अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी कर दो विकेट पर 179 रन बनाए और नीदरलैंड को 9 विकेट पर 123 रन पर रोककर 56 रन से जीत हासिल की थी। भारत की मौजूदा टीम में 2022 में खेलने वाली टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह के रूप में चार खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं नीदरलैंड की मौजूदा टीम में उसके कप्तान स्कॉट एडवडर्स, बास डी लीड, कॉलिन एकरमैन, मैक्स ओ दाउद, लोगान वान बीक, फ्रेड क्लासेन और पॉल वान मीकरन के रूप में सात खिलाड़ी शामिल हैं।

मुमकिन है कि भारत अपने तुरुप के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देकर नीदरलैंड के खिलाफ उन्हें विश्राम दे। अब तक मौजूदा संस्करण में दो मैच खेलकर अपना खाता खोलने में नाकाम रहे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच सुपर 8 से पहले टीम इंडिया के पूर्व चीफ कोच रवि शास्त्री के सुझाव के मुताबिक क्रीज पर कुछ वक्त बिताकर बड़ी पारी खेल अपनी रंगत पाने का मौका है।

भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक दरअसल मुंबई में अमेरिका के खिलाफ ग्रुप ए में वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच और पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो की अपेक्षाकृत धीमी पिच पर जिस तरह बड़े स्ट्रोक खेलने की कोशिश में बोल्ड हुए, उससे भारत अपनी पारी का तेज आगाज नहीं कर पाया था। इशान किशन ने पहले नामीबिया और फिर पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में पहला विकेट गिरने के बाद जिस तरह जोश के साथ होश से जवाबी हमला बोला, उससे भारत पारी का तेज आगाज करने में सफल रहा।

भारत के लिए दिक्कत सही मायनों में बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव का अभी भी रंग में आने के लिए जूझना है। बहुत मुमकिन है कि नीदरलैंड के खिलाफ उन्हें एकादश से बाहर रखकर अर्शदीप को वापस एकादश में शामिल किया जाए।

इशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ पिछले दो मैचों में अर्द्धशतक जड़ने के साथ तीन मैचों में भारत के लिए सबसे ज्यादा 168 रन बना चुके हैं। कप्तान सूर्य कुमार यादव अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में अर्द्धशतक सहित कुल 128 रन बना जिस तरह बल्ले से धमाल कर रहे हैं, उसके मद्देनजर नीदरलैंड के मौजूदा संस्करण के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज बास डी लीड (पांच विकेट), वान बीक (4 विकेट) और ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त (तीन विकेट) के लिए लगाम लगाना बेहद मुश्किल होगा। भारत के लिए अर्द्धशतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज हार्दिक पांड्या (कुल 57), तिलक वर्मा (कुल 75 रन) और शिवम दुबे (कुल 50 रन) ने सही वक्त पर मैच के मिजाज के मुताबिक बल्लेबाजी कर उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की है।

भारत को मौजूदा संस्करण के शुरू के तीन मैचों में बल्ले व गेंद से दमदार प्रदर्शन करने वाले नीदरलैंड के ऑलराउंडर बास डी लीड (कुल 125 रन, एक अर्द्धशतक व 5 विकेट) से जरूर चौकस रहना होगा। दरअसल डी लीड को छोड़कर नीदरलैंड के लिए लेविट ने कुछ 55 रन बनाए हैं। डी लीड और लेविट को छोड़कर नीदरलैंड के बाकी बल्लेबाज जिस तरह रनों के लिए जूझते नजर आए हैं, ऐसे में नीदरलैंड के बल्लेबाजों के लिए भारत के सबसे कामयाब लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (छह विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल (6 विकेट) तथा दो-दो मैच खेलने वाले जसप्रीत बुमराह (तीन विकेट), अर्शदीप सिंह (तीन विकेट) और एक मैच खेलने वाले मोहम्मद सिराज (तीन विकेट) के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीद कम ही नजर आती है।

मैच : भारत बनाम नीदरलैंड (बुधवार शाम 7 बजे से, अहमदाबाद)।

YuvaSahakar Desk

Recent Post