Trending News

 किश्तवाड़ से भारतीय सेना ने किया आतंक के नेटवर्क का खात्मा, मार गिराए 7 आतंकी, जैश का कमांडर सैफुल्लाह भी मारा गया, 326 दिन चला ऑपरेशन         भारत टैक्सी के ड्राइवरों से मिले गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कहा- आपको ड्राइवर नहीं, मालिक बनना है, मात्र 500 रुपए में भारत टैक्सी से जुड़ सकते हैं, 3 साल बाद मुनाफे में भी मिलेगा हिस्सा         यूपी में 'स्मार्ट' होंगी कृषि सहकारी समितियां, UP सरकार 1500 M-PACS को कर रही हाईटेक, किसानों को गांव में ही मिलेंगी 24x7 बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं          NAFED की समीक्षा बैठक में शामिल हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, MSP पर तुरंत और पारदर्शी खरीद के निर्देश, किसानों को बिचौलियों से बचाकर सीधे सरकारी खरीद सिस्टम से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता         जनवरी में बेरोजगारी दर बढ़कर 5 प्रतिशत पहुंची, दिसंबर 2025 में 4.8% थी बेरोजगारी दर, ग्रामीण बेरोजगारी दर 3.9% से बढ़कर 4.2% और शहरी क्षेत्रों 6.7% से बढ़कर 7% हुई, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जारी किए आंकड़े       

एरोन जॉर्ज के शतक से अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा भारत दसवीं बार अंडर 19 विश्व कप फाइनल में

भारत ने अफगानिस्तान को सेमीफाइनल में 7 विकेट से हराकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया। अफगानिस्तान के 310 रनों के विशाल लक्ष्य को भारत ने एरोन जॉर्ज (115) के शतक और वैभव सूर्यवंशी (68) व आयुष म्हात्रे (62) के अर्धशतकों की मदद से मात्र 41.1 ओवर में हासिल कर लिया।

Published: 09:20am, 05 Feb 2026

सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज के बेहतरीन शतक के साथ 14 बरस के वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में बुधवार रात हरारे में सात विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत अंडर-19 ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सेमीफाइनल सहित लगातार छठी जीत सहित लगातार छठी और कुल दसवीं बार फाइनल में स्थान बनाया।

पांच बार की चैंपियन भारत अंडर-19 टीम अब हरारे में ही फाइनल में इंग्लैंड अंडर-19 से शुक्रवार को भिड़ेगी। एरोन जॉर्ज उपकप्तान विहान मल्होत्रा के साथ मौजूदा संस्करण में शतक जड़ने वाले भारत अंडर-19 के दूसरे बल्लेबाज हैं। बेशक जॉर्ज ने शतक जड़ा, लेकिन भारत अंडर-19 की नींव वैभव की मात्र 33 गेंदों में चार छक्कों और नौ चौकों की मदद से 68 रन की तूफानी पारी ने रखी। वैभव (22) ने नियाजई और एरोन जॉर्ज (120) ने पारी के शुरू में जादरान द्वारा मिडऑन पर टपकाए कैच को खूब भुना भारत अंडर-19 को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। फैजल शिनोजदा और उजैरउल्लाह नियाजई के शतक भी अफगानिस्तान अंडर-19 को 310 तक पहुंचाने के बावजूद उसके काम न आए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान अंडर-19 के खालिद अहमदजई (31 रन, 39 गेंद, एक छक्का, चार चौके) और उस्मान सादत (39 रन, तीन चौके, 70 गेंद) ने भारत अंडर-19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश और हेनिल पटेल के खिलाफ सतर्क आगाज किया। खालिद (31) ने पारी के 13वें ओवर तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर-19 ने पहला विकेट 53 रन पर खो दिया।

उस्मान सादत ने फैजल शिनोजदा के साथ मिलकर 64 रन जोड़ स्कोर को 25वें ओवर में 117 रन तक पहुंचाया था कि तभी सादत (39) ने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान की गेंद को उड़ाने की कोशिश में लॉन्गऑन पर दीपेश को कैच थमा बैठे। फैजल शिनोजदा (110 रन, 93 गेंद, 15 चौके) और उजैरउल्लाह नियाजई (101 रन, 86 गेंद, दो छक्के, 12 चौके) की 130 गेंदों में तीसरे विकेट की 148 रन की भागीदारी की बदौलत अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर बनाया। फैजल शिनोजदा ने मौजूदा संस्करण का अपना दूसरा शतक जड़ा।

अफगानिस्तान अंडर-19 के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले फैजल शिनोजदा ने क्रीज पर उतरते ही दो जोरदार चौके जड़ अपने इरादे जाहिर कर दिए। फैजल शिनोजदा ने मात्र 49 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। फैजल शिनोजदा और नियाजई ने भारत अंडर-19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश के एक ओवर में 21 रन जड़े। अफगानिस्तान अंडर-19 ने आखिरी के दस ओवर में 111 रन जोड़े।

फैजल और नियाजई ने मिलकर जमकर भारत अंडर-19 के गेंदबाजों की बीच के ओवरों में धुनाई कर अफगानिस्तान अंडर-19 के स्कोर को 46 में 265 तक पहुंचाया था कि तभी फैजल (110) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बोल्ड हो गए। अजीजउल्लाह मियाखिल (12 रन, एक चौका, 9 गेंद) ने धीमी गेंद पर बल्ला चलाया और हेनिल पटेल को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर-19 ने चौथा विकेट 293 रन पर खो दिया।

भारत अंडर-19 के लिए ऑफ स्पिनर कनिष्क चौहान (2/55) और तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन (2/64) ने दो-दो विकेट चटकाए।

जवाब में मैन ऑफ द मैच एरोन जॉर्ज (115 रन, 104 गेंद, दो छक्के, 15 चौके) की अपने सलामी जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी (68) के साथ पहले विकेट की 90, कप्तान आयुष म्हात्रे (62 रन, 59 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) के साथ दूसरे विकेट की 114 तथा उपकप्तान विहान मल्होत्रा (अविजित 38 रन, 47 गेंद, तीन चौके) के साथ तीसरे विकेट की 96 रन की भागीदारी की बदौलत भारत अंडर-19 ने मात्र 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच जीत फाइनल में स्थान बना लिया।

वैभव सूर्यवंशी (68) ने ताबड़तोड़ अंदाज में अपने सलामी जोड़ीदार एरोन जॉर्ज के साथ मात्र 9.3 ओवर में 90 रन जोड़ने के बाद अफगानिस्तान अंडर-19 के तेज गेंदबाज नूरिस्तानी ओमरजई की मिडल स्टंप पर शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड विकेट पर उस्मान सादत को कैच दे बैठे। वैभव ने अपना अर्द्धशतक मात्र 24 गेंदों में तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से पूरा किया। एरोन जॉर्ज ने अपना अर्द्धशतक 52 गेंद एक छक्के और आठ चौकों की मदद से पूरा किया।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी उतरते ही तेज आगाज किया और वह भी नूरिस्तानी ओमरजई की गेंद को जल्दी फ्लिक करने की कोशिश में सादत को पारी के 27वें ओवर में डीप विकेट पर कैच थमा बैठे और भारत अंडर-19 ने दूसरा विकेट 204 पर खोया। म्हात्रे ने आउट होने से पहले अपना अर्द्धशतक 43 गेंदों में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से पूरा किया। वैभव ने मौजूदा संस्करण का तीसरा और कप्तान म्हात्रे ने दूसरा अर्द्धशतक पूरा किया।

एरोन जॉर्ज ने पारी के 37वें और खालिद स्तेनिकजई के नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मिडऑन पर चौका जड़कर 95 गेंद खेलकर दो छक्कों व 13 चौकों की मदद से मौजूदा संस्करण में अपना पहला शतक पूरा किया। एरोन जॉर्ज पारी के 40वें ओवर में वहीदउल्लाह जादरान के सातवें ओवर की तीसरी गेंद को उड़ाने की कोशिश में चालू खिलाड़ी नजीफुल्लाह वजीरी को कैच थमा बैठे और भारत ने तीसरा विकेट 300 रन पर खोया। वेदांत त्रिवेदी ने वहीदउल्लाह जादरान की धीमी गेंद को स्क्वॉयर लेग पर खेलकर भारत अंडर-19 को यह मैच जिताया। विहान के साथ वेदांत त्रिवेदी छह गेंद खेल पांच रन बना अविजित रहे।

YuvaSahakar Desk