नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू की विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी दिनेश बिवाल और विकास बिवाल की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई 3 अगस्त 2026 तक स्थगित कर दी है। सोमवार को मामले की पहली सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से कोई अभियोजक उपस्थित नहीं हुआ। इस पर विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बालिगा ने निदेशक अभियोजन को सीबीआई की ओर से अभियोजक नियुक्त करने का निर्देश दिया।
यह मामला पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत गठित विशेष अदालत में पहली बार सूचीबद्ध हुआ था। इस अदालत का गठन 23 जुलाई 2026 को किया गया था। पेपर लीक और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई अब इसी अदालत में होगी।
सीबीआई अब तक मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपी 6 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि लीक प्रश्नपत्र शुभम खैरनार से यश यादव और फिर मांगीलाल बिवाल तक पहुंचा। मांगीलाल ने कथित रूप से करीब 10 लाख रुपये में प्रश्नपत्र खरीदा और इसे अपने बेटे विकास, दिनेश तथा अन्य अभ्यर्थियों को 12 लाख रुपये तक में बेचा। मामले की एफआईआर 12 मई 2026 को दर्ज की गई थी।


