केरल ने सहकारी आंदोलन को बैंकिंग, कृषि और ग्रामीण विकास से आगे विमानन क्षेत्र तक ले जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने केरल सिविल एविएशन डेवलपमेंट कोऑपरेटिव सोसाइटी को विमान सेवा शुरू करने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कहा कि सहकारी क्षेत्र के माध्यम से विमान सेवा शुरू करने की यह देश में अपनी तरह की पहली पहल होगी।
प्रस्तावित एयरलाइन का नाम फिलहाल ‘को-केरलम’ (Co-Keralam) रखा गया है। परियोजना का नेतृत्व एमवीआर कैंसर सेंटर एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के चेयरमैन सी.एन. विजयकृष्णन करेंगे। शुरुआती योजना के तहत दो 72-सीटर विमान लीज पर लेकर कोच्चि को केंद्र बनाते हुए कोझिकोड, कन्नूर, बेंगलुरु, मंगलुरु, चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै जैसे शहरों से जोड़ने का प्रस्ताव है।
योजना के मुताबिक टिकट किराया लगभग ₹3,500 से ₹7,000 के बीच रखने का लक्ष्य है। संचालन बढ़ने पर विमानों की संख्या दो से बढ़ाकर चार और फिर छह करने की योजना है। परियोजना में करीब 200 सहकारी समितियों से ₹2-2 करोड़ निवेश का प्रस्ताव है। इसे कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मॉडल पर विकसित करने की परिकल्पना की गई है और प्रवर्तकों के अनुसार राज्य सरकार से वित्तीय सहायता लेने की योजना नहीं है।
इस पहल से रोजगार के साथ भविष्य में एविएशन प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने की भी संभावना है। परियोजना के वास्तविक व्यावसायिक संचालन के लिए संबंधित केंद्रीय विमानन और नियामकीय मंजूरियां भी आवश्यक होंगी।


