नई दिल्ली, 7 मई, 2026: भारत ए पुरुष टीम मेहमान ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अपने घर में पुडुचेरी में 22 से 25 सितंबर तथा 29 सितंबर से 2 अक्टूबर में चार-चार दिन के दो क्रिकेट मैच खेलेगी। भारत ए पुरुष क्रिकेट टीम इसके बाद पुडुचेरी में 6, 9 और 11 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन वनडे मैचों की क्रिकेट सीरीज खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया ए के लिए भारत ए के खिलाफ खेलने वाले कई खिलाड़ी 2027 में भारत में बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में खेलते दिखाई पड़ सकते हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार रात भारत ए (पुरुष और महिला) टीमों, भारत अंडर-19 (पुरुष और महिला) टीमों के साथ सीनियर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के आगामी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज भारत में मैचों के स्थान और कार्यक्रम की घोषणा की।
ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम भारत के खिलाफ 2018 के बाद पहली बार मल्टी फॉर्मेट क्रिकेट सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम भारत ए महिला टीम के खिलाफ 12 और 15 सितंबर को मोहाली में दो टी20 क्रिकेट मैचों की सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम भारत ए महिला टीम के खिलाफ 17, 20 और 23 सितंबर को धर्मशाला में तीन वनडे क्रिकेट मैच खेलेगी। साथ ही भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीमें 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एक चार दिवसीय मैच खेलेंगी।
भारत की अंडर-19 आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ राजकोट में 18, 21 और 23 सितंबर को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। भारत अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम इसके बाद 27 से 30 सितंबर तक और फिर 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में चार-चार दिन के दो मैच खेलेगी।
भारतीय महिला टीम मेहमान जिम्बाब्वे के खिलाफ अक्टूबर, 2026 में अपने घर में तीन टी20 और तीन वनडे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज खेलेगी। भारत की महिला टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज रायपुर में खेलेगी जबकि तीन टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज वडोदरा में खेली जाएगी। इंग्लैंड ए महिला टीम, इंग्लैंड महिला अंडर टीम और श्रीलंका महिला अंडर टीमें भी भारत की महिला टीमों के खिलाफ भारत में घरेलू सीजन में खेलने आएंगी।


