अजमतुल्लाह उमरजई (4/14 व अविजित 40, 21 गेंद, 3 छक्के, 2 चौके) के हरफनमौला खेल की बदौलत अफगानिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को चार गेंदों के बाकी रहते पांच विकेट से हराकर सोमवार को मौजूदा आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप में ग्रुप डी में यहां पहली जीत दर्ज की। अफगानिस्तान ने कुछ लड़खड़ाने के बाद यहां फिरोजशाह कोटला के अरुण जेटली स्टेडियम में यह जीत दर्ज की। यूएई ने यदि 15-20 रन ज्यादा बनाए होते तो वह उलटफेर कर सबसे मुश्किल ग्रुप डी में दूसरी जीत दर्ज कर सकता था।
यूएई के गेंदबाजों ने खासी सधी गेंदबाजी कर अपनी टीम को आखिरी ओवर तक मैच में बनाए रखा। अजमतुल्लाह उमरजई ने मैच के अंतिम पूर्व ओवर में 13 रन बनाकर अफगानिस्तान को आखिरी क्षणों में संकट से उबारकर यह जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अफगानिस्तान को जीत के लिए आखिरी पांच ओवर में 52 रन की जरूरत थी लेकिन फिरोजशाह कोटला की ऐसी पिच जिस पर गेंद धीमी रही थी, एक समय यह लक्ष्य मुश्किल नजर आ रहा था। उमरजई ने जो आखिरी तीन गेंदें खेलीं, उनमें पहले छक्का और फिर आखिरी ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर लगातार चौके जड़कर अफगानिस्तान को जीत दिलाकर ही दम लिया।
अफगानिस्तान के तीन मैचों में एक जीत के साथ दो अंक हैं और वह तभी सुपर 8 में पहुंच सकता है जब अन्य नतीजे उसके हक में रहें। दिल्ली में अपनी पहली जीत की बदौलत अफगानिस्तान फिलहाल टी 20 विश्व कप में बना हुआ है। वहीं यूएई की टीम इस हार से सुपर 8 की होड़ से बाहर हो गई।
आर्यंश शर्मा (0 रन, 4 गेंद) को अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज उमरजई ने विकेटकीपर रहमतुल्लाह गुरबाज के हाथों कैच कराया तब यूएई का खाता भी नहीं खुला। कप्तान मुहम्मद वसीम (10 रन, दो चौके) ऑफ स्पिनर मुजीब उर रहमान (2/31) की ऑफ स्टंप से जरा बाहर निकलती गेंद को खेलने से चूके और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट घोषित किया और यूएई ने दूसरा विकेट 13 रन पर खो दिया।
अली शान शराफू (40 रन, 31 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) और शोएब खान (68 रन, 48 गेंद, चार छक्के, छह चौके) की तीसरे विकेट की 84 रन की भागीदारी और मध्यक्रम में सैयद हैदर (13 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) और निचले क्रम में हैदर अली (13 रन, 13 गेंद, 2 चौके) की उपयोगी पारियों की बदौलत लड़खड़ाने के बावजूद यूएई ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन बनाए। शराफू को मुजीब उर रहमान ने बड़ा स्ट्रोक लगाने के लिए ललचाकर इब्राहिम जादरान के हाथों लॉन्ग ऑन पर लपकवाया जबकि शोएब खान ने उमरजई की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बैकवर्ड स्क्वेयर पर मुजीब उर रहमान के हाथों कैच थमाया और यूएई ने अंतिम पूर्व ओवर में छठा विकेट 152 रन पर खोया। हैदर अली और जुनैद सिद्दिकी को विकेटकीपर गुरबाज ने रनआउट किया।
जवाब में सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (53 रन, 41 गेंद, एक छक्का, छह चौके) ने चौथे बल्लेबाज के रूप में तेज गेंदबाज मुहम्मद अरफान (2/30) की शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में मुहम्मद वसीम को कैच थमाया और 97 रन पर आउट होने से पहले गुलबदीन नायब (13 रन, 12 गेंद, एक चौका) के साथ दूसरे विकेट की 40 रन की भागीदारी तथा अजमतुल्लाह उमरजई (अविजित 40) और दरवेश रसूली (33 रन, 23 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) के साथ पांचवें विकेट की 43 रन की भागीदारी की बदौलत अफगानिस्तान ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर मैच जीत लिया।
उमरजई ने तेज गेंदबाज जुनैद सिद्दिकी के चौथे और आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर अफगानिस्तान को जीत दिलाई। रहमतुल्लाह गुरबाज (0 रन, 2 गेंद) को जुनैद ने शोएब खान के हाथों लपकवाया और अफगानिस्तान ने पहला विकेट बिना कोई रन बनाए खोया। गुलबदीन नायब को मुहम्मद अरफान ने कौशिक के हाथों कैच कराकर उनकी और इब्राहिम जादरान की दूसरे विकेट की भागीदारी को तोड़ अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 40 कर दिया। सदिकउल्लाह अटल (16 रन, 14 गेंद, एक छक्का, एक चौका) को जवादउल्लाह ने धीमी गेंद पर बोल्ड कर अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 70 कर दिया था।
‘आखिरी के दस ओवरों में वाकई बहुत बढ़िया गेंदबाजी की’
‘मैं खुश हूं कि हमने मैच का समापन जीत के साथ किया। टी 20 विश्व कप में जीत हमेशा अहम होती है और इसमें आगे बाकी टूर्नामेंट में और बढ़िया प्रदर्शन की आस करता हूं। हमने आखिरी के दस ओवरों में वाकई बहुत बढ़िया गेंदबाजी की। हम पारी के शुरू में अपनी दिशा नहीं पा सके और यूएई ने इसका लाभ उठाकर अच्छी बल्लेबाजी की। हम पारी के शुरू के दस ओवर में जैसी गेंदबाजी करना चाहते थे, वैसी नहीं कर सके। हमें शुरू के दस ओवर में और बेहतर और सधी हुई गेंदबाजी की जरूरत है। हम सभी जानते हैं गुरबाज मिजाज से आक्रामक बल्लेबाज हैं, लेकिन उन जैसा आक्रामक बल्लेबाज रन नहीं भी बना पाता है। गुरबाज जैसे खिलाड़ी का क्रीज पर ज्यादा देर तक टिके रहना अहम होता है। हमारे पास नबी और उमरजई के रूप में खासे अनुभवी खिलाड़ी हैं और ये दोनों इन स्थितियों में खेल चुके हैं। मुजीब ने बहुत सटीक गेंदबाजी की और टीम में अनुभवी खिलाड़ियों का होना हमेशा अच्छा होता है। हमें अभी अपने आखिरी मैच से उम्मीद है और हम अगले चरण में पहुंच सकते हैं और हमें सकारात्मक सोच के साथ खेलने की जरूरत है। हम अगले दौर में नहीं भी पहुंचे तो भी हम उसी ब्रांड की क्रिकेट खेलेंगे जैसी हम खेलते हैं। हम देश का गौरव बढ़ाने को बेताब हैं।’ – रशीद खान, अफगानिस्तान के कप्तान
‘हमने 10-15 रन कम बनाए’
‘अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खासा बढ़िया रहा और हमारे लड़कों ने गजब का जीवट दिखाया। हमने 15 रन कम बनाए और चौके-छक्के जड़ने के लिए दो-तीन गेंदें ज्यादा दे दीं और इसी के चलते हमें हार का मुंह देखना पड़ा। हमने शुरू में दो विकेट जल्दी खो दिए। अलीशान और शोएब ने हमारे लिए वाकई बढ़िया बल्लेबाजी की लेकिन गलत वक्त पर आउट हो गए। हमने 10-15 रन कम बनाए। हमने आखिरी गेंद तक संघर्ष की कोशिश की। हम जीत के लिए बेताब थे। हमारी फील्डिंग खासी बढ़िया रही और मैं अपनी टीम के प्रयास से खुश हूं। हम अपने आखिरी ग्रुप मैच में नई योजना के साथ आएंगे और दुनिया को अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।’- मुहम्मद वसीम, यूएई के कप्तान
‘अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं’
‘मैं अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। पिच कुछ धीमी थी और मैंने हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी की कोशिश की और इससे मुझे कामयाबी भी मिली। मैंने स्कोर बोर्ड देखा तो मालूम पड़ा कि काफी गेंदें बाकी हैं और मैं इसीलिए स्ट्राइक रोटेट करता रहा और ढीली गेंदों का इंतजार किया और इस सोच का लाभ हुआ।’ – अजमतुल्लाह उमरजई, मैन ऑफ द’ मैच


