ऑलराउंडर दीपिका सहरावत, नवोदित ऋतुजा डडासो पिसल और अनुभवी नवनीत कौर की शानदार हैट्रिक की बदौलत भारतीय टीम ने इंडोनेशिया पर भी सोमवार को काकामिगहारा (जापान) में गोल की बारिश कर उसे 17-1 से हरा कर लगातार दूसरी जीत के साथ एशियाई खेलों में पूल बी महिला हॉकी में छह अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच कर सेमीफाइनल में स्थान बढ़ाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। दीपिका सहरावत की दोहरी हैट्रिक सहित आठ गोल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पहले मैच में रविवार को उज्बेकिस्तान पर 19-0 से बड़ी जीत दर्ज की थी। भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपने तीसरे मैच में बुधवार को थाईलैंड से भिड़ेगी। भारतीय महिला हॉकी टीम अब दो मैचों में कुल 36 गोल कर चुकी है और उसने मात्र एक गोल खाया है।
भारत की अग्रिम पंक्ति में अनुभवी नवनीत कौर, ललरेमसियामी, ऋतुजा डडासो पिसल, इशिका और साक्षी राणा ने शुरू से हमलों का ऐसा तांता बांधा किया इंडोनेशिया के किले को बिखरते देर नहीं लगी। भारत की मध्यपंक्ति में अनुभवी नेहा गोयल और सुनीलिता टोपो, निकी प्रधान ने बराबर अपनी साथी स्ट्राइकर के लिए बराबर आगे गेंद बढ़ा उनके लिए गोल करने के मौके बनाए। नेहा ने सबसे नि:स्वार्थ खेल दिखा कर ऋतुजा डडासो पिसल, सुनीलिता टोपो और ललरेमसियामी के लिए गेंद बढ़ा कर उन्हें मैदानी गोल करने के साथ पेनल्टी कॉर्नर बनाने में मदद की। भारत ने मैच में कुल 17 पेनल्टी कॉर्नर में से सात को गोल में बदलने के साथ दस बेहतरीन मैदानी गोल किए।
भारत की 22 वर्षीया स्ट्राइकर-ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत अब दो मैचों में सबसे ज्यादा 11 गोल कर मौजूदा संस्करण मे गोल दागने में शीर्ष पर पहुंच गई। विजेता भारत के लिए दीपिका सहरावत (आठवें, 28वें व 40वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर, ऋतुजा डडासो पिसल (15वें, 20वें, 38वें मिनट) ने मैदानी व नवनीत कौर (35 वें, 56 वें व 57 वें मिनट) ने एक मैदानी दो गोल कर अपनी अपनी हैट्रिक पूरी की जबकि आक्रामक सेंटर हाफ सुनीलिता टोपो (11 वें 30 वें मिनट) के साथ स्ट्राइकर ललरेमसियामी (12 वें व 16 वें मिनट) व साक्षी राणा (25 वें व 57 वें मिनट) ने दो दो मैदानी गोल व इशिका(36 वें मिनट) और कप्तान सलामी टेटे (34 वें मिनट) ने एक एक मैदानी गोल किया। पराजित इंडोनेशिया के लिए इकलौता गाल पेनल्टी कॉर्नर पर भारत की गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम के पैड से लगकर लौटती गेंद को संभाल इनेस आदित्या ने किया।
भारत को चौथे मिनट में ललरेमसियामी को गलत ढंग से अपनी डी के भीतर इंडोनेशिया की खिलाड़ी द्वारा हॉकी खींचने पर पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन इस पर स्ट्राइकर नवनीत कौर के पुश को इंडोनेशिया की गोलरक्षक सैली ने अपने बाएं गोता लगाकर रोक दिया। ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने चार मिनट मिले लगातार तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर उंचे ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत का खाता खोला। नेहा के डी के भीतर बढ़िया पास पर सुनीलिता टोपो ने तीन मिनट बाद गोल कर और दो मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका के ड्रैग फ्लिक पर गोलरक्षक फ्लोरिंटना सैली के पैड से लगकर लौटती गेंद को वहीं डी में मंडराती ललरेमसियामी ने रिवर्स स्टिक से गोल कर और पहला क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले साक्षी राणा के शाट पर लौटती गेंद को डी के भीतर संभाल ऋतुजा डडासो पिसल ने गोल कर भारत को 4-0से आगे कर दिया था। ललरेमसियामी ने दूसरे क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में मैदानी गोल कर और नेहा के बेहतरीन पास पर ऋतुजा पिसल ने गोल कर अगले ही मिनट में गोल कर भारत को 6-0 से आगे कर दिया। साक्षी राणा ने दीपिका सहरावत के ड्रैग फ्लिक पर लौटती गेंद को संभाल कर 28 वें मिनट में गोल कर फिर दीपिका सहरावत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना दोसरा तथा फिर नवनीत की पेनल्टी कॉर्नर हिट लौटती गेंद को संभाल सुनीलिता टोपो ने मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को हाफ टाइम तक 9-0से आगे कर दिया।
इंडोनेशिया की इनेस आदित्या ने पेनल्टी कॉर्नर पर तीसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में भारत की गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम के पैड से लगकर लौटती गेंद को संभाल गोल कर स्कोर 1-9 कर दिया। दो मिनट बाद भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने गोल बढ़िया मैदानी गोल कर भारत को 10-1 से और नवनीत कौर ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर पर गोल, इशिका ने 36वें मिनट में मैदानी, ऋतुजा पिसल ने नवनीत के पास पर 38 वें मिनट में और दीपिका सहरावत ने दो मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर अपना अपना तीसरा गोल कर अपनी अपनी हैट्रिक पूरी कर भारत को 14-1 से आगे कर दिया। नवनीत कौर ने 56 वें मिनट अकेले ही हॉकी की कलाकारी दिखा मैच का अपना दूसरा और अगले ही क्षण साक्षी राणा बाएं से डी मे पहुंच वॉली जमा गोल कर भारत को 16-1से दिया ।नवनीत कौर ने अगले ही क्षण डी के उपर से तेज शॉट जमा अपना तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर भारत को 17-1 से मैच जिता दिया।
सविता अब भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी
किले की मजबूत दीवार गोलरक्षक सविता सोमवार को इंडोनेशिया के खिलाफ काकामिगहारा (जापान) में इंडोनेशिया के खिलाफ एशियाई खेलों में महिला हॉकी के पूल बी मैच में खेलने उतर कर वंदना कटारिया (320 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच) को पीछे छोड़ कर भारत के लिए अब सबसे ज्यादा 321 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई। सविता की इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हे दस लाख का नकद इनाम देने की घोषणा की। भारतीय हॉकी टीम की ‘मजबूर दीवार’ 36 बरस की सविता अपने करीब दो दशक लंबे अंतर्राष्ट्रीय करियर के 2020 के टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली और उससे पहले 2016 में शिरकत करने वाली भारतीय हॉकी टीम की सदस्या रही। अर्जुन अवार्ड और पदमश्री से नवाजी जा चुकी सविता भारत की हाल ही में एम्सतलवीन (नीदरलैंड) में पांचवें स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम की अहम सदस्या रही और लगातार तीन बार -2020, 2021, 2023 -एफआइएच गोलकीपर ऑफ द इयर रही।
सविता ने अपनी पूर्व साथी स्ट्राइकर वंदना कटारिया के भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने के रिकॉर्ड को तोड़ने पर कहा, ‘सच कहूं मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं इस मुकाम तक पहुंच पाउंगी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने वाली खिलाड़ी कहलाउंगी। यह रिकॉर्ड केवल मेरा नही हैं बल्क उन सभी साथी खिलाड़ियों को जो मेरी साथी खेली और वंदना कटारिया का भी है। वंदना ने एक ऐसा ऊंचा मानक तय किया और हम सभी को और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। अब मेरी सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि आने वाली युवा पीढ़ी इसे देखे और भरोसा करे कि उनके लिए भी यह मुमकिन है। साथ मैं अपने परिवार, अपने हॉकी उस्तादों, भारतीय टीम की उन सभी साथियों जिनके साथ मैं खेलने और हर उन शख्स का जो मेरे साथ खड़ा रहा उसका आभार जताना चाहती हूं।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, ‘सविता का यह रिकॉर्ड उनके करीब दो दशक के अनुशासन और उनके धैर्यपूर्ण नेतृत्व का प्रमाण है। सविता भारतीय महिला हॉकी टीम की रीढ़ रही है और इस मुकाम को पाने की हकदार हैं।‘ वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ ने कहा, ‘हॉकी इंडिया की ओर से सविता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई। सविता की यह हॉकी यात्रा भारत की जर्सी पहन कर गोलकीपिंग करने का सपना देखने वाली हर गोलरक्षक के लिए प्रेरणा साबित होगी।‘