Trending News

सहकारिता मंत्रालय ने राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस (NCD) में सहकारी समितियों की सटीक लोकेशन दर्ज करने के लिए GPS आधारित NCD जियो टैग मोबाइल ऐप की पहल की NCUI द्वारा नई दिल्ली में AI कार्यशाला आयोजित, प्रतिभागियों को ChatGPT और सहकारिता क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग की जानकारी दी गई RBI ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के दो सहकारी बैंकों पर लागू प्रतिबंधों को तीन महीने बढ़ाकर 30 जनवरी 2027 तक किया दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए 8.7 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन सहकारिता मंत्रालय ने राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस (NCD) में सहकारी समितियों की सटीक लोकेशन दर्ज करने के लिए GPS आधारित NCD जियो टैग मोबाइल ऐप की पहल की NCUI द्वारा नई दिल्ली में AI कार्यशाला आयोजित, प्रतिभागियों को ChatGPT और सहकारिता क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग की जानकारी दी गई RBI ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के दो सहकारी बैंकों पर लागू प्रतिबंधों को तीन महीने बढ़ाकर 30 जनवरी 2027 तक किया दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए 8.7 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन

UAE पर बड़ी जीत के बाद भी भारत को पाक के खिलाफ एकादश को लेकर मंथन करना होगा

Published: 18:22pm, 11 Sep 2025

करीब एक बरस के बाद अपना पहला टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलते हुए बाएं हाथ के कलाई के लेग स्पिनर कुलदीप यादव (4/7) और ऑलराउंडर शिवम दुबे (3/4) की गेंदबाजी के कमाल से मौजूदा चैंपियन भारत ने सबसे कमजोर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पुरुष क्रिकेट एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में बुधवार रात दुबई में हुए एक बेमेल और एकतरफा मैच में नौ विकेट से हराकर अपना अभियान शुरू किया। मैच कितना एकतरफा रहा, इसका अंदाज़ इससे लगाया जा सकता है कि पूरा मैच मात्र 17.4 ओवर में समाप्त हो गया।

भारत की यूएई पर इस बड़ी और आसान जीत के बावजूद बड़ा सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान जैसे चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ रविवार 14 सितंबर को खेले जाने वाले मैच में एकादश के चयन को लेकर मंथन करना होगा। हर कोई यह सवाल कर रहा है कि क्या भारत अब इसी एकादश के साथ उतर सकता है। भारत को बीते बरस सबसे ज्यादा 17 विकेट दिलाकर आईसीसी टी-20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बिना पाकिस्तान जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उतरना जोखिम भरा हो सकता है।

यूएई के खिलाफ चार रन देकर तीन विकेट चटकाने वाले शिवम दुबे जैसे कामचलाऊ तेज़ गेंदबाज पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने टिक पाते हैं या नहीं, यह बड़ा प्रश्न है। अगर ऐसा न हुआ तो पाकिस्तान उनकी गेंदबाजी की बखिया उधेड़कर भारत का पूरा गणित बिगाड़ सकता है। भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मैच में सबसे बढ़िया विकल्प बतौर तेज़ गेंदबाज अर्शदीप सिंह ही होंगे और ऐसे में आठवें नंबर पर गेंदबाज अथवा बल्लेबाजी ऑलराउंडर के रूप में शिवम दुबे को उतारने का दांव उलटा पड़ सकता है।

कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने आपस में मिलकर कुल 4.1 ओवर में मात्र 11 रन देकर सात विकेट चटकाकर भारत के कप्तान के पहले फील्डिंग करने के फैसले को सही साबित किया। सलामी बल्लेबाज अलीशान शराफू (22 रन, 17 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) और उनके साझेदार कप्तान मुहम्मद वसीम (19 रन, 22 गेंद, तीन चौके) की तेज शुरुआत के बावजूद यूएई की टीम मात्र 13.1 ओवर में 57 रन पर ढेर हो गई। यह किसी भी टीम का भारत के खिलाफ और यूएई का टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में सबसे कम स्कोर है।

अभिषेक शर्मा (30 रन, 16 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) और उपकप्तान शुभमन गिल (20 रन, 9 गेंद, एक छक्का और दो चौके) की सलामी जोड़ी ने 48 रन की भागीदारी निभाई। भारत ने केवल 4.3 ओवर में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मैच जीत लिया। 93 गेंदें शेष रहते यह भारत की टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में सबसे बड़ी जीत है (गेंदों के हिसाब से)।

भारत के तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन यॉर्कर पर शराफू को बोल्ड कर उनकी और कप्तान वसीम की 26 रन की साझेदारी तोड़ी और इसके साथ ही विकेटों की झड़ी लग गई। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मोहम्मद जोहेब (2) को कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया। कुलदीप यादव ने अपने पहले ही ओवर में राहुल चोपड़ा (2) और कप्तान वसीम को आउट किया और फिर 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर हैदर अली (1) को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों स्टंपिंग कराकर यूएई की पारी समेट दी।

अब निगाहें पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर : सूर्य

“मेरा टॉस जीतकर यूएई को पहले बल्लेबाजी कराने का मकसद यह जानना था कि पिच किस तरह खेल रही है। जब बाद में हमारी टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो भी पिच का मिजाज वही रहा। खिलाड़ियों ने बतौर टीम शानदार प्रदर्शन किया। मैं चाहता था कि हमारे खिलाड़ी मैदान पर पूरे जोश-खरोश से खेलें। हमारी मौजूदा टीम के कई खिलाड़ी यहां पिछले दिनों चैंपियंस ट्रॉफी में खेल चुके हैं। पिच अच्छी लग रही है लेकिन थोड़ी धीमी जरूर है। दुबई में इतनी गर्मी में लगा कि इस पिच पर स्पिनर और अधिक हावी हो सकते हैं। हार्दिक और शिवम दुबे ने बतौर गेंदबाज अच्छा साथ निभाया। अभिषेक गजब का बल्लेबाज है और यही कारण है कि वह दुनिया का नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज है। वह टीम को हमेशा पहले रखते हैं। स्कोर चाहे जो भी हो, अभिषेक विलक्षण बल्लेबाजी करता है। हमारी टीम का हर खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है। अब हमारी निगाहें पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर हैं।”
– सूर्य कुमार यादव, भारत के कप्तान

“लेंथ बहुत मायने रखती है”

“हाल ही के महीनों में भारत के लिए अधिक क्रिकेट न खेल पाना मेरे लिए मुश्किल समय था। मैं अपनी गेंदबाजी और फिटनेस पर अपने स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ली-रॉ के साथ मेहनत कर रहा था। बुधवार रात सबकुछ उम्मीद के मुताबिक रहा। लेंथ बहुत मायने रखती है, खासकर टी-20 क्रिकेट में। बल्लेबाज के इरादे को समझना और उसके मुताबिक लेंथ और रणनीति तय करना ही सफलता की कुंजी है।”
– कुलदीप यादव, मैन ऑफ द मैच, भारत के लेग स्पिनर

YuvaSahakar Desk