भारतीय वायुसेना ने एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह अधिसूचना एम्प्लॉयमेंट न्यूज के 7 से 13 नवंबर 2026 के अंक में प्रकाशित की गई है। इसके तहत AFCAT-01/2027, NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के माध्यम से फ्लाइंग तथा ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल) शाखाओं में कुल 379 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों के लिए प्रशिक्षण जनवरी 2028 के पहले सप्ताह में हैदराबाद स्थित एयर फोर्स एकेडमी, डुंडीगल में शुरू होगा।
आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता
फ्लाइंग ब्रांच के लिए उम्मीदवारों की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म 2 जनवरी 2004 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना आवश्यक है। शैक्षणिक योग्यता के तहत 12वीं में भौतिकी और गणित विषयों में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक तथा किसी भी विषय में 60 प्रतिशत अंकों के साथ तीन वर्षीय स्नातक डिग्री या समकक्ष BE/B.Tech होना जरूरी है।
वहीं, ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल) शाखाओं के लिए आयु सीमा 20 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना चाहिए। संबंधित पदों के अनुसार स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री और निर्धारित न्यूनतम अंक होना आवश्यक है।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित अधिकारियों को पे लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त 15,500 रुपये प्रतिमाह मिलिट्री सर्विस पे (MSP) भी प्रदान किया जाएगा।
क्या होगा परीक्षा पैटर्न?
AFCAT लिखित परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को दो घंटे का समय मिलेगा। प्रश्न सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी, संख्यात्मक क्षमता, तर्कशक्ति और सैन्य योग्यता से संबंधित होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं मिलेगा। ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल शाखा के उम्मीदवारों को इंजीनियरिंग नॉलेज टेस्ट (EKT) भी देना होगा, जिसमें 50 प्रश्नों के लिए 45 मिनट निर्धारित हैं।
इच्छुक उम्मीदवार 12 नवंबर से भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट afcat.cdac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


