नई दिल्ली। फुलबैक ड्रैग फ्लिकर संजय भारत की न्यूजीलैंड के आगामी दौरे पर उसके खिलाफ 15 से 23 नवंबर तक ऑकलैंड में खेली जाने वाली तीन हॉकी मैचों की सीरीज में नौजवान पुरुष हॉकी टीम के कप्तान होंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी के सौ बरस पूरे होने पर दोनों देशों के बीच इस हॉकी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ आकलैंड में 19, 21 और 22 नवंबर को लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में तीन मैच खेलेगी। हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद की कप्तानी में भारतीय सेना की हॉकी टीम ने 1926 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हॉकी सीरीज खेली थी। ध्यानचंद की अगुआई वाली हॉकी टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर जाने वाली किसी भी खेलों की पहली भारतीय टीम थी। दोनों टीमें के लिए यह बेहद ऐतिहासिक होगा और इससे भारत और न्यूजीलैंड के हॉकी रिश्ते मजबूत होंगे।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय हॉकी टीम में चुने गए खिलाड़ियों के लिए यह दौरा अपनी प्रतिभा दिखा कर भविष्य के टीम में अपनी नियमित जगह बनाने के लिए अपनी मजबूत दावेदारी का मौका होगा। संजय भारत की 2024 के पेरिस ओलंपिक में ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में अपना कांसा बरकरार रखने वाली भारतीय हॉकी टीम के अहम फुलबैक और ड्रैग फ्लिकर थे।
भारत की इसी महीने के शुरू में जालंधर और मोहाली में लगातार तीसरी बार पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने वाली टीम के कप्तान संजय, अंगद बीर सिंह, आदित्य अर्जुन ललगे व विष्णुकांत सिंह सहित मात्र चार खिलाड़ी शामिल हैं। लंबे अंतराल के बाद काफी समय से नजर अंदाज किए जा रहे स्ट्राइकर उत्तम सिह व अरिजित सिह हुंडल, कार्ति सेल्वम के साथ फुलबैक यशदीप सिवाच और गोलरक्षक मोहित एचएच ने 2026 हॉकी विश्व कप के भारतीय हॉकी टीम में वापसी की है।
भारत के 2026 के हॉकी विश्व कप मे आठवें स्थान पर रहने और उसके बाद नगोया (जापान) में एशियाई खेलो में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने के बाद मिडफील्डर मनप्रीत सिंह, स्ट्राइकर मंदीप सिंह, फुलबैक अमित रोहिदास, गोलरक्षक सूरज करकेरा, फुलबैक जर्मनप्रीत सिंह सहित करीब आधा दर्जन बूढ़े शेरों के 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक तक फिट रहने के संशय और नीलकांत शर्मा के एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अतर्राष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कहने के बीच भारत अपनी नई मजबूत टीम तैयार करने के क्रम में ही नवोदित खिलाड़ियों को आजमा रहा है। भारत ने सुमित को भी एशियाई खेलों के बाद टीम से बाहर करने के बाद इस न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम में नहीं चुना है। भारत की न्यूजीलैंड के दौरे के लिए चुनी गई टीम में पेनल्टी कॉर्नर ड्रैग फ्लिक पर गोल करने की जिम्मेदारी कप्तान संजय व अरिजित सिंह हुंडल के सथ भारत की जूनियर विश्व कप में कांसा जीतने वाली टीम के कप्तान रोशन कुजूर व शारदानंद तिवारी संभालेंगे।
सीनियर राष्ट्रीय हॉकी चयन समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश ने भारत के एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब बरकरार रखने के बाद साफ कहा कि चयनकर्ता भविष्य में 2028 के ओलंपिक के लिए मजबूत टीम चुनने के क्रम में न्यूजीलैंड दौरे के लिए नौजवान खिलाड़ियों को मौका देंगे। भारतीय हॉकी टीम का यह न्यूजीलैंड दौरा कोचिंग स्टाफ के लिए देश के उदीयमान प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आंकने के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ढांचे को मजबूत बनाने का मौका होगा।
भारत के चीफ हॉकी कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि न्यूजीलैंड के दौरे के लिए हमने कई उदीयमान अंडर 21 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के साथ मौजूदा ए कोर ग्रुप के खिलाड़ियों के लिए एक नौजवान हॉकी टीम चुनी है। यह हॉकी सीरीज ऐसे वक्त पर हो रही जब हमारी भारतीय टीम को मजबूत मेजबान न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ तीन मैचों में खेलने की चुनौती मिलेगी ।
मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन हॉकी मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम
गोलरक्षक : मोहित एचएस, पवन।
रक्षापंक्ति : संजय (कप्तान), यशदीप सिवाच, तलेम प्रियब्रत, शारदा नंद तिवारी, अनमोल एक्का, नीलम संजीप खेस।
मध्यपंक्ति :अंगद बीर सिंह, आदित्य अर्जुन ललगे, रबि चंद्र सिंह, विष्णुकांत सिंह, मनमीत सिंह, रोशन कुजुर, वेंकटेश किंची।
अग्रिम पंक्ति : अजीत यादव, उत्तम सिंह, अरिजित सिंह हुंदल, कार्ति सेल्वम, अर्शदीप सिंह।


